इस मौसम में बच-बचाकर रहिए वरना हो जाएंगे बीमार बढ़ती ठंड के साथ कोल्ड अटैक का बढ़ रहा खतरा


वाराणसी (ब्यूरो)साल के पहले दिन ही ठंड ने अपना विकराल रूप दिखा दिया। पिछले एक सप्ताह से तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। साल के पहले दिन वाली ठंडी से हर कोई कांप गया है। हिमालय की बर्फीली हवा ने बनारस में दिन का पारा काफी गिरा दिया है। अधिकतम तापमान नॉर्मल से एक डिग्री सेल्सियस कम 7.8 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं रात का पारा नॉर्मल से 4 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। सोमवार को भोर से घना कोहरा छाया रहा। सुबह के 6 बजे तक विजिबिलिटी 50 मीटर पर थी, जो 9 बजे तक 400 मीटर हो गई है। सुबह 7 बजे बनारस का तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक जिले में बर्फीली हवा 5 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से बह रही है जो कि ठिठुरन बढ़ा रही है। लगातार गलन बढऩे से शीतलहर जैसी स्थिति बन गई है।

लगातार बढ़ रही ठिठुरन

गलन के साथ ठिठुरन बढऩे से लोग बगैर आग सेंक रह नहीं पा रहे हैं। घरों में जहां लोग अंगीठी और ब्लोवर का सहारा ले रहे हैं तो वहीं बाहर लोग अलाव के सहारे जीवन व्यतीत कर रहे हैं। सोमवार को सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा है। वहीं पछुआ हवा बहने से भी लोग कांपते नजर आ रहे है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ठंड अभी बॉडी टेम्प्रेचर से 25 डिग्री अधिक है। हर रोज तापमान में गिरावट आने से गलन बढ़ रही है। अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। इस ठंड से कोल्ड अटैक का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। ठंड के कारण बच्चे और बुजुर्ग बीमार पड़ रहे हैं। अस्पतालों में कोल्ड अटैक और कोल्ड डायरिया के मरीजों की लाइन लग रही है। यहां डॉक्टर बुजुर्गो और बच्चों खासकर नवजात शिशुओं का विशेष ख्याल रखने की सलाह रहे हैं। इधर मौम वैज्ञानिकों का कहना है कि सोमवार को दो दोपहर बाद तक थोड़ी धूप खिली थी, लेकिन मंगलवार को ऐसा शायद ही हो। कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान न्यूनतम पारा भी 4 से 5 डिग्री नीचे खिसक सकता है।

बारिश की भी चेतावनी

वहीं आईएमडी के ताजा अपडेट में आज और कल का दिन और ठंडा होने की चेतावनी जारी की है तो अगले कुछ दिनों में गरज चमक के साथ बारिश की चेतावनी भी आईएमडी ने सोमवार को जारी की है। इसके पहले यह चेतावनी 1 जनवरी को लेकर थी। बारिश का कारण हरियाणा में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ बन सकता है। आईएमडी के ताजा अपडेट के अनुसार चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ अब उत्तरी हरियाणा और आस पास के क्षेत्र में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर से लेकर 3.1 किलोमीटर ऊपर बना हुआ है। हालांकि, समुद्र ताल से 5.8 किलोमीटर ऊपर मध्य क्षोभ मंडल पर बना एक गर्त अब 30एन अक्षांश के उत्तर में लगभग 74ई देशांतर पर स्थित है। इसके प्रभाव से वाराणसी मंडल सहित यूपी के कई जिलों में 2 जनवरी से 4 जनवरी तक गरज चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। इसे लेकर आईएमडी ने चेतावनी और फोरकास्ट जारी किया है.

तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सोमवार को भले ही साल का पहला दिन रहा हो, लेकिन सीजन का सबसे ठंडा दिन था। पछु़आ हवा चलने से गलन बढ़ती जा रही है। अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। घरे कोहरे के साथ बदली भी छाई रहेगी। फिलहाल तापमान नॉर्मल से एक डिग्री कम है।

प्रोएसएन सिंह, मौसम वैज्ञानिक, बीएचयू

Posted By: Inextlive