-उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पहुंचे मां अन्नपूर्णा मंदिर, किया दर्शन पूजन

-सुबह चार बजे से रात 11 बजे तक चला दर्शन

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य दीपावली के दिन शनिवार की सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। सपत्‍‌नीक पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने सबसे पहले बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि विधान से पूजन अर्चन किया। पूजन अर्चन करने के बाद उपमुख्यमंत्री ने माता अन्नपूर्णा के दरबार में स्थित स्वर्णमई प्रतिमा का दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान मंदिर के महंत रामेश्वर पुरी के निर्देशन में विधि विधान से पूजन अर्चन कराया गया। पूजन के बाद उन्होंने मां की भव्य आरती उतारी और आशीर्वाद लिया।

निर्माण कार्य की ली जानकारी

इसके बाद उपमुख्यमंत्री विश्वनाथ मंदिर के रानी भवानी उत्तरी प्रवेश द्वार के पास पहुंचे, जहां उन्होंने चल रहे निर्माण कार्यो के बारे में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली। इस दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि कार्य को तेज करने के लिए कंपनी को निर्देश दिया गया है और इसकी सतत मॉनिटरिंग भी की जा रही है। इस पर उपमुख्यमंत्री ने कार्य की गुणवत्ता और चल रहे स्टोन वर्क को देखकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इस गति को ही बनाए रखना है ताकि गुणवत्तापूर्वक कार्य समय पर पूर्ण हो सके। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों द्वारा उप मुख्यमंत्री को चल रहे भवनों की अलग-अलग निर्माण की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत मे विधायक सौरभ श्रीवास्तव द्वारा उप मुख्यमंत्री को अंग वस्त्र व मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा उप मुख्यमंत्री को कॉफी टेबल बुक, प्रसाद और रुद्राक्ष भेंट किया गया।

हजारों भक्तों ने टेका मत्था

काशी की अधिष्ठात्री देवी के रुप में जानी जाने वाली मां अन्नपूर्णा के दरबार में शनिवार को हजारों भक्तों ने पहुंचकर दर्शन पूजन किया। इस दौरान भक्तों ने मंदिर परिसर में मां अन्नपूर्णा के गगनभेदी जयकारे भी लगाए। दिवाली का पर्व व अमावस्या की तिथि में मां अन्नपूर्णा के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी जो देर रात तक लगी रही।

सोशल डिस्टेंसिंग का हुआ पालन

- अन्नपूर्णा मंदिर में भक्तों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन व मंदिर समिति की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर में आने वाले सभी भक्तों की स्क्रीनिंग की गयी। साथ ही सेनेटाइजेशन किया गया। सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन कराया गया।

Posted By: Inextlive