शोहदों को भारी पड़ गया पीछा करना
सिगरा में चार दिनों से लड़की का पीछा करने वाले दो लड़कों को लड़की के भाई ने चौराहे पर पीटा, सौंपा पुलिस को
VARANASI : सड़क पर चलने वाली लड़कियों के साथ आये दिन होने वाली छेड़खानी की घटनाओं से आजिज होकर अब परिजनों ने शोहदों को सबक सिखाने का ठान ली है। ऐसा ही एक वाकिया बुधवार को दोपहर मलदहिया चौराहे पर देखने को मिला। यहा एक लड़की का दो तीन दिनों से पीछा करने वाले दो शोहदों को लड़की के भाई ने जमकर पीटा और उनको पुलिस के हवाले कर दिया। देख कर चौंक पड़े सबबुधवार दोपहर मलदहिया चौराहे पर एक लड़की को फॉलो कर उसको कमेंट करते हुए चल रहे दो लड़कों को जब एक लड़के ने पकड़कर पीटना शुरू किया तो आस पास मौजूद लोग चौंक पड़े। लोगों को समझ में ही नहीं आ रहा था कि आखिर माजरा क्या है। लेकिन जब लोगों को पता लगा कि पीटे जा रहे दोनों लड़के एक लड़की को दो तीन दिनों से फॉलो कर रहे थे और उसका सड़क पर चलना दुश्वार किए हुए थे तो पब्लिक भी इन पर टूट पड़ी। दरअसल हुआ ये कि एक लड़की डेली अपने काम से मलदहिया होते हुए जाती थी। उसे भेलूपुर के विशाल और किशन फॉलो करते थे और परेशान करते थे। जिससे आजिज आकर लड़की ने अपने भाई से सारी बात बताई। जिसके बाद भाई बुधवार को मलदहिया चौराहे पर पहले से खड़े होकर इन लड़कों की हरकत को फॉलो कर रहा था। चौराहे पर बहन के पहुंचते ही पीछे आ रहे दोनों लड़कों को उसने पकड़ा और जमकर पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया।