-80 बीघे जमीन पर आबाद अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

- अनमोल नगर और रामनगर में वीडीए वीसी ने खुद संभाला मोर्चा

- सारनाथ में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष से हुई बहस

अवैध निर्माण को लेकर सख्त वीडीए वीसी ईशा दुहन पहले ही दिन के अभियान में बड़ी कार्रवाई की। वीडीए के प्रर्वतन दल ने अनमोल नगर में 30 बीघा और रामनगर में 50 बीघा जमीन पर आबाद अवैध प्लाटिंग ध्वस्त कराई। साथ ही दो कालोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करायी गई। अवैध निर्माण कर रहे 50 लोगों के खिलाफ नोटिस कटवाकर उनके मकान पर चस्पा भी कराया। वीडीए वीसी की मौजूदगी में हुई कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कम्प मच गया।

वीसी ईशा दुहन सुबह 10 बजे सबसे पहले सारनाथ के अनमोल नगर में पहुंची। निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर अवैध प्लाटिंग मिली। उन्होंने तत्काल जेसीबी से प्लाटिंग को ध्वस्त करने का आदेश दिया। हालांकि मौके पर संयुक्त सचिव परमानंद यादव पहले से ही दल-बल के साथ मौजूद थे। सारनाथ पुलिस की मदद से अनमोल नगर में 30 बीघे में आबाद अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कराया गया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का स्थानीय लोगों व नेताओं के विरोध किया। भाजपा नेता जीतू सिंह से करीब आधे घंटे तक टीम की बहस होती रही। लोगों का कहना था कि वीडीए पब्लिक को परेशान कर रही है। अगर अवैध प्लाटिंग को रोकना है तो रजिस्ट्री पर रोक लगाइए। हालांकि बाद में संयुक्त सचिव ने सभी को समझा-बुझाकर शांत कराया। ध्वस्तीकरण के बाद जेई पीएन दूबे ने 11 मकानों में रह रहे लोगों के खिलाफ नोटिस जारी की और वैधता प्रमाणपत्र मांगा। इसके बाद वीसी ईशा दुहन रामनगर वार्ड के परोरवां मौजा में पहुंचीं और वहां करीब 50 बीघे में विकसित अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कराया। साथ ही अवैध प्लाटिंग करने वाले कालोनाइजर मधुकर पांडेय और अरविंद पाल के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज दर्ज करायी गई। यहां करीब 39 लोगों के खिलाफ नोटिस जारी की गई। कार्रवाई के दौरान अभियंता वीरेंद्र प्रताप मिश्र, चंद्रभानू दीक्षित, रामचंद्र, प्रमोद तिवारी, हीरालाल गुप्ता, सुरेंद्र यादव, आनंद कुमार अस्थाना, आरके सिंह, धन्नीराम, अनिल सिंघल व स्थानीय पुलिस मौजूद रही।

नहीं मिलेगा बिजली कनेक्शन

अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ वीडीए वीसी ईशा दुहन ने चौतरफा शिकंजा कसा है। उन्होंने अवैध निर्माण करने वालों के घरों में बिजली का कनेक्शन नहीं देने की बात कही। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के अफसरों से संपर्क साधा है और विभागीय लिखा-पढ़ी की है।

रजिस्ट्रार को भी पत्र

इतना ही नहीं अवैध निर्माण पर रोक लगे इसके लिए वीडीए वीसी ने सभी जोन के रजिस्ट्रारों को पत्र भेजा है। ताकि रजिस्ट्री पर रोक लगे। तैयारी बैंक से पत्राचार की भी है ताकि अवैध निर्माण करने वालों को बैंक लोन न दिया जाय। वीडीए वीसी ईशा दुहन ने बताया कि ऐसा करने से अवैध निर्माण पर पूरी तरह से रोक लगेगा और अवैध निर्माणकर्ताओं के मंसूबे ध्वस्त होंगे।

Posted By: Inextlive