- कहीं उड़ा अबीर गुलाल तो कहीं उड़ीं गुलाब की पंखुडि़यां

VARANASI: होली के दूसरे दिन मंगलवार को शहर में होली मिलन समारोहों की धूम रही। व्यापार मंडलों से लेकर क्लबों तक हर जगह लोग होली की मस्ती में झूमते नाचते और मौज मस्ती मनाते दिखे। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। डॉक्टर्स ने रंगारंग कार्यक्रम पेश कर शाम को यादगार बना दिया। समारोह में आईएमए के प्रेसिडेंट डॉ पीके तिवारी, डॉ एनपी सिंह, सेक्रेटरी डॉ अशोक कुमार राय, डॉ अनिल ओहरी डॉ संजय राय, डॉ अनुराग टंडन, डॉ अरविंद सिंह आदि शामिल हुए। माथुर वैश्य शाखा सभा की ओर से होली मिलन समारोह का आयेाजन हुआ। सिगरा स्थित मोतीवाला भवन में आयोजित समारोह में मेंबर्स ने खूब धमाल मचाया। संचालन विवेक सोनी ने तथा धन्यवाद संजय गुहा ने दिया।

गुलाब के फूल से खेली होली

मारवाड़ी युवक संघ की ओर से होली के दिन सोमवार को ही होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। लक्सा स्थित संघ भवन में आयोजित कार्यक्रम में मेंबर्स ने अबीर गुलाल के साथ फूलों की होली खेली। इस अवसर पर कवि सम्मेलन का भी आयोजन हुआ। संचालन कमलेश कुमार व धन्यवाद अशोक कुमार खेमका ने किया। भारतेन्दु अकादमी की ओर से टाउनहाल मैदान में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यकम में बतौर चीफ गेस्ट पद्मभूषण पं छन्नू लाल मिश्र ने शिरकत की। सम्मेलन में कवियों ने अपनी हास्य रचनाओं से श्रोताओं का खूब मनोरंजन किया। संचालन राजेन्द्र त्रिवेदी व बदरी विशाल ने किया। चंद्रा रेजिडेंसी हुकुलगंज में भी मस्ती से भरपूर इकोफ्रेंडली होली खेली गयी। होलियाना गीतों की धुनों पर लोगों ने होली को खूब इंजाय किया। राणी सती श्याम सेवा ट्रस्ट की ओर होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ जिसमें लोगों ने राणी सती, सालासर हनुमान व श्याम खाटू के विग्रह के साथ फूलों की होली खेली। विवेकानंद मानव सेवा समिति की ओर से होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ।

Posted By: Inextlive