बनारस में सौहाद्र्रपूर्ण और हर्षोल्लास होली के लिए मेयर अशोक तिवारी कमिश्नर कौशल राज शर्मा पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल नगर आयुक्त अक्षत वर्मा वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने शुभकामना दी


वाराणसी (ब्यूरो)आज पूरी काशी होली खेलेगी, लेकिन पुलिस की होली अगले दिन 26 मार्च को होगी। बनारस में सौहाद्र्रपूर्ण और हर्षोल्लास होली के लिए मेयर अशोक तिवारी, कमिश्नर कौशल राज शर्मा, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने शुभकामना दी और होली को लेकर अनुभव भी शेयर किए।

कॉलेज लाइफ की मस्ती

कमिश्नर कौशल राज शर्मा बताते हैं कि प्रशासनिक सेवा में आने के बाद जिम्मेदारी बढ़ जाती है। कालेज लाइफ में होली पर खूब मस्ती होती थी। अब परिवार और अपने स्टाफ के साथ ग्रीन व यलो गुलाल के साथ होली खेलते हैं। अपनों के साथ दिनभर तरह-तरह के पकवान का लुत्फ भी उठाते हैं। साथ ही उन्होंने शहरवासियों को होली की शुभकामना भी दीं.

माहौल रखें सौहार्द्रपूर्ण

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल कहते हैं कि होली त्योहार पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए, इसकी जिम्मेदारी पुलिस विभाग की होती है। ऐसे में अपने घरों से दूर पुलिसकर्मी होली के दिन अपना कर्तव्य और ड्यूटी निभाते हैं। इसके बाद अगले दिन जमकर होली खेलते हैं। सीपी ने शहर के लोगों, खासकर युवाओं से अपील है कि सौहार्द्रपूर्ण माहौल में होली मनाएं।

एकादशी से चल रही होली

मेयर अशोक तिवारी बताते हैं कि काशी की होली देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक भी आते हैं। ठंडई की मिठास, रंग और गुलाल के साथ यहां की मस्ती, प्रेम और भाईचारा अपने आप में अनोखा है। मेरी तो रंगभरी एकादशी से होली चल रही है। अपने लोगों और काशी जनता के साथ होली खेलने का मजा ही कुछ और है.

होली का रहता था इंतजार

नगर आयुक्त अक्षत वर्मा बताते हैं कि पहले तो होली का इंतजार रहता था। दोस्तों के साथ खूब मौज-मस्ती करते थे, लेकिन आईएएस बनने के बाद चीजें बदल गई हैं, लेकिन मूड आज भी पुराना रहता है। अपने लोगों के साथ रंग खेलने का मजा ही कुछ और होता है। उन्होंने शहर के लोगों को होली की शुभकामना दी।

शहर में घूमकर देखेंगे त्योहार

वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग बताते हैं कि पहली बार काशी की होली देखने का सौभाग्य मिला है। शहर में घूमकर त्योहार का आनंद लेने का प्लान है। आज भी अपने दोस्तों के साथ होली खेलने का पल यादकर मन रोमांचित हो जाता है। काशी के लोगों को होली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं.

Posted By: Inextlive