-कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर प्रशासन हुआ गंभीर, संदिग्धों को तलाशने के लिए पल्स पोलियो की तर्ज पर चलेगा अभियान

-10 दिन तक चलेगा संवेदीकरण व सर्वेक्षण अभियान

10,04609

की थर्मल स्क्रीनिंग अब तक

216054

व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गयी ग्रामीण क्षेत्रों में

738555

व्यक्तियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गयी शहरी क्षेत्र में

पिछले एक सप्ताह से शहर में तेजी से बढ़ रही कोरोना संक्रमितों की संख्या को देखते हुए अब जिला प्रशासन के हाथ पांव फूलने लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम कौशल राज शर्मा ने हर घर की जांच करने का प्लान तैयार किया है। इसके तहत पल्स पोलियो की तर्ज पर बनारस में 5 से 15 जुलाई तक संवेदीकरण तथा सर्वेक्षण अभियान चलाया जाएगा। डीएम के मुताबिक इस अभियान में दो सदस्यीय टीम द्वारा घर-घर सम्पर्क किया जाएगा। सम्पर्क के दौरान टीम के सदस्यों द्वारा कोविड-19 के अन्तर्गत बरती जाने वाली सावधानियों एवं मास्क, हैण्ड सेनेटाइजर इत्यादि का प्रयोग किया जाएगा। इसके साथ ही दो गज की दूरी के नियम का पालन कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। घर के हर व्यक्ति की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। लक्षण मिलते ही उसकी कोरोना की जांच कराई जाएगी।

बीमार की पहचान करना मकसद

अभियान का मकसद प्रत्येक घर का सर्वे करते हुये कोरोना के संदिग्ध मरीजों की पहचान करना है।

-आवश्यकतानुसार उनकी सैम्पलिंग भी की जाएगी।

-सांस लेने में तकलीफ, लम्बी बीमारी जैसे डायबिटीज, हाइपरटेंशन के मरीजों का पता लगाना है।

-हृदय रोग, किडनी, लीवर एवं फेफड़े इत्यादि महत्वपूर्ण अंगों की गम्भीर बीमारियों से ग्रसित व्यक्ति की पहचान भी होगी।

-कैंसर पीडि़त व्यक्ति की पहचान भी सर्वे के दौरान की जाएगी।

14 दिनों के अन्दर किसी पॉजीटिव मरीज के सम्पर्क में आने वाले व्यक्ति के बारे पता लगाया जाएगा।

सर्वे करने वाली टीम प्रत्येक घर के सदस्यों को कोविड-19 से बचाव की जानकारी देगी।

हेल्थ के साथ कई डिपार्टमेंट शामिल

इस अभियान के सफल संचालन में नगर निगम, नगर पंचायत, अन्य स्थानीय नगरीय निकाय, पंचायत विभाग द्वारा हेल्थ डिपार्टमेंट का सहयोग किया जाएगा। सीएमओ के मुताबिक 10 दिवसीय इस कैंपेन के लिए सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर माइक्रोप्लान सहित अन्य तैयारियां शीघ्र ही पूरी कर ली जाएंगी। अभियान की अवधि में प्रतिदिन सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा जिला स्तर पर डेली मीटिंग कर कार्य से सम्बंधित सूचनाओं को पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। अभियान के पर्यवेक्षण के लिए 5 टीमों के पर एक पर्यवेक्षक तथा ग्रामीण क्षेत्र में ब्लॉक स्तर पर एवं शहरी क्षेत्र में बनाये गए जोन स्तर पर नोडल अधिकारी तैनात किए जाएंगे।

संक्रमितों की संख्या पर लगेगी लगाम

अभियान से रोज मिले वाली सूचनाएं कोविड महामारी को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगी। इन सूचनाओं का उपयोग कर कोविड संक्रमित व्यक्तियों की तत्काल पहचान किया जा सकेगा ताकि उन्हें जल्द से जल्द उपचार दिया जा सके। साथ ही कोविड-19 के प्रति समुचित जानकारी एवं जागरूकता में भी वृद्धि हो सके। ये कोरोना के बढ़ते संक्रमितों की संख्या को कंट्रोल करने के लिए किया जा रहा है। फिलहाल जिले में मोबाइल वार्ड फ्लू क्लीनिक, डोर स्टेप स्क्रीनिंग का कार्य चिकित्सकीय दलों द्वारा किया जा रहा है जिसमें थर्मल स्क्रीनिंग भी की जा रही है।

डीएम के निर्देशानुसार पोलियों की तर्ज पर संवेदीकरण व सर्वेक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत 5 जुलाई से होगी। इस दौरान घर-घर सम्पर्क के दौरान टीम के सदस्यों द्वारा कोविड-19 के अन्तर्गत बरती जाने वाली सावधानियों मास्क, हैण्ड सेनेटाइजर इत्यादि का प्रयोग करने तथा दो गज की दूरी के नियम की जानकारी दी जायेगी। साथ ही कोरोना के लक्षण वाले व्यक्ति को तुरंत कोविड हॉस्पिटल लाया जाएगा।

डॉ। वीबी सिंह, सीएमओ

Posted By: Inextlive