तापमान सामान्य से 13 डिग्री नीचे पहुंचा

पूर्वांचल में यास चक्रवात का तूफान भले ही कमजोर हो गया है, लेकिन मुसीबत कम नहीं हो रही है। चक्रवात के चलते वाराणसी में चौबीस घंटे से लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार को कहीं रिमझिम तो कहीं झमाझम बरसात हुई। ठंडी और तेज हवा के साथ हो रही बारिश से मौसम काफी सुहाना होने से लोगों को गर्मी से राहत है। मौसम विभाग के अनुसार यास चक्रवात के चलते अभी तक बनारस में 72 मिलीमीटर से अधिक की बारिश हो चुकी है। उधर, बारिश के चलते सड़कों से लेकर गलियों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई है।

मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात से शुक्रवार रात ही बारिश होगी। इसके बाद शनिवार से फिर धूप और प्रचंड गर्मी का सिलसिला शुरू हो जाएगा। इस बीच शुक्रवार सुबह बनारस का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य तापमान से 13 डिग्री सेल्सियस नीचे है। यह भी एक अनोखा रिकार्ड है।

इस बीच बनारस की हवाओं में नमी 98 फीसद तक बनी हुई है, जबकि हवा उत्तर की ओर से 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही है। बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो। मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि यास चक्रवात अब बेहद कमजोर होकर तेज व ठंडी हवाओं में तब्दील हो गया है। शाम के बाद अब बारिश की बेहद कम संभावना रह गई है। हालांकि यह मौसम किसानों को धान की खेती के लिए बेहद उपयुक्त है। चक्रवात से मानसून की सक्रियता दोबारा बढ़ गई है। अब मानसून लगभग समय पर हो गया है। इसके पूर्वांचल में 15 से 20 जून तक दस्तक देने की संभावना है। यह एक तरह से प्री-मानसून का ही सीजन है।

Posted By: Inextlive