बाढ़ का पानी उतरने से तटवर्ती नागरिकों ने ली राहत की सांस मौसम की तल्खी और उमस से परेशानी आज बारिश और तूफान के आसार

वाराणसी (ब्यूरो)बनारस में गंगा के जलस्तर में लगातार पांच दिन बढ़ोतरी के बाद रविवार को घटाव शुरू हो गया। बाढ़ के पानी के उतरने से गंगा के तटवर्ती शहरी और ग्रामीण इलाकों के लाखों नागरिकों ने राहत की सांस ली है। केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को गंगा का जलस्तर 66.91 मीटर था, जो रविवार को रात नौ बजे तक आठ सेंटीमीटर घटकर 66.88 पर आ गया। पानी उतरने के साथ घाट एरिया व तटवर्ती इलाकों में गाद और कीचड़ पसरता जा रहा है। साथ ही तीखी धूप और उमस के चलते पब्लिक का जीना दूभर हो गया है। शहर का अधिकतम तापमान 33.5 और मिनिमम टेम्प्रेचर 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कहीं-कहीं हल्की बारिश होने से उमस से लोग बेहाल रहे.

जल्द आएंगे नाविकों के अच्छे दिन

अब माना जा रहा है बाढ़ धीरे-धीरे उतर जाएगी। पानी के पूरी तरह से उतर जाने के बाद से गंगा नदी में नाव संचालन को अनुमति जल्द मिल सकती है। लेकिन, वर्तमान में 85 से अधिक घाटों की 55 से अधिक सीढिय़ां जलमग्न है। गंगा का जलस्तर नीचे आने से घाट किनारे के लोगों, नाविकों, पुरोहितों, पुजारियों और माला-फूल के दुकानदारों को राहत मिली है.

सुबह से ही तीखी धूप और उमस

शहर में दिन चढऩे के साथ धूप भी अपना असर दिखा रही थी। सुबह नौ बजे तापमान 30.5 और दोपहर बारह बजे 33 डिग्री सेल्सियस रहा। यह तापमान शाम चार बजे तक रहा। इसके बाद तापमान डाउन होने लगा और मिनिमम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार 3 से 5 किमी की गति से प्रवाह मान रही। हवा की गति कम होने से उमस का प्रभाव भी बना रहा। पूरे दिन पब्लिक उमस और धूप से परेशान रहे।

जल्द बंद हो सकती है बारिश

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बारिश और तेज हवा का प्रवाह देखना पड़ सकता है। शनिवार को 7 मिलीमीटर की बारिश भी रिकॉर्ड की गई। जनपद में 26 सितंबर तक बारिश के आसार है। इसके बाद मौसम सामान्य रहेगा। लेकिन, रात में ठंडक और दिन में गर्मी का माहौल रहेगा.

तापमान अपडेट

दिन मिन। मैक्स.

रविवार 26 33.5

सोमवार 26 32

मंगलवार 26 33

बुधवार 33 25

गुरुवार 34 25

Posted By: Inextlive