वरुणापार दशाश्वमेध व भेलुपुर का होगा सीमा विस्तार आदमपुर व कोतवाली जोन में कोई परिवर्तन नहीं 31 मई तक परिसीमन का कार्य पूरा होने की उम्मीद चुनाव में इस बार बढ़ेंगे दस पार्षद

वाराणसी (ब्यूरो)निगम चुनाव से पहले बनारस शहर की सीमाओं का विस्तार हो जाएगा। परिसीमन के अनुसार अब शहर की सीमा डाफी टोल प्लाजा से लेकर लोहता तक हो जाएगी। परिसीमन में सिर्फ तीन जोन वरुणापार, दशाश्वमेध व भेलुपुर की सीमाओं में विस्तार हो रहा है। दो अन्य जोन काशी आदमपुर व कोतवाली की सीमाओं में कोई विस्तार नहीं होने जा रहा.

जनसंख्या के आधार पर वार्ड

अभी तक 2021 की जनगणना रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई, ऐसे में निगम के अधिकारी 2011 की जनगणना को ही मानक मानते हुए परिसीमन को अंजाम देने में लगे हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार एक वार्ड में जनसंख्या करीब 13500 से लेकर 17500 के बीच होनी चाहिए। निगम प्रशासन इसे ध्यान में रखते हुए बीच की जनसंख्या 15000 को मानक करते हुए सभी वार्डो का गठन करेगा। इस आंकड़े के अनुसार शहर में अब 90 की बजाय 100 वार्ड होंगे.

तीन जोन की बढ़ेंगी सीमाएं

परिसीमन के अनुसार शहर के पास बसे कुल 87 गांवों को निगम की सीमा में शामिल किया गया है। इन्हें शामिल करने के बाद 3 जोन की सीमाओं में काफी परिवर्तन होगा। इनकी सीमाएं शहर के बाहरी क्षेत्रों में प्रवेश कर जाएंगी। इन्हीं गांवों की बदौलत 10 वार्ड बनेंगे.

शासन को जाएगी रिपोर्ट

नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि परिसीमन के पश्चात डिटेल रिपोर्ट शासन को भेजी जायेगी। वहां से संस्तुति मिलने के बाद नगर निगम के अधिकारी संबंधित गांवों की विजिट करेंगे। फिर जोनल अधिकारियों के माध्यम से गांव के लोगों को यह बताया जाएगा कि वे अब नगर निगम की सीमा में शामिल हो गए हैं.

दस साल पर होता परिसीमन

शासन के नियमों के अनुसार हर दस साल में नगर निगम के क्षेत्रों का परिसीमन कराया जाता है। बनारस में आखिरी बार परिसीमन का काम 2011 में हुआ था। उस वक्त शहर की जनसंख्या करीब 11 लाख 98 हजार 493 थी। दस साल बाद हो रहे परिसीमन में शहर की जनसंख्या दशकीय वृद्धि के मुलानुपात में 15 लाख 66 हजार आंकी गई है।

तीन जोन का सीमा विस्तार

वरूणापार जोन

इसकी सीमा अब संत अतुलानन्द की सीमा से टकराएगी

दशाश्वमेध जोन

इसकी सीमा अब लोहता तक विस्तार पा जाएगी

भेलूपुर जोन

इसकी सीमा अब भगवानपुर से डाफी टोल प्लाजा तक जाएगी

अभी परिसीमन का कार्य किया जा रहा है। शासनादेश के अनुसार जनसंख्या के आधार पर दस वार्ड बढ़ेंगे। अब निगम के कुल वार्ड की संख्या बढ़कर 100 हो जाएगी। नव सृजित 84 गांव के नगर निगम सीमा में सम्मिलित होने से भेलूपुर जोन, दशाश्वमेध जोन एवं वरुणापार जोन के क्षेत्र का विस्तार होगा.

संदीप श्रीवास्तव, पीआरओ, नगर निगम, वाराणसी

Posted By: Inextlive