- टीएफसी में पीएम ने टोल फ्री नम्बर जारी कर राष्ट्रीय सदस्यता अभियान का किया शुभारंभ

- प्रधानमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया संदेश

VARANASI

एक बार फिर विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाने के लक्ष्य के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन के नये मंत्र दिये। उन्होंने कहा कि दल के साथ देश का दूत बनिए। नए भारत के साथ आएं और देश बनाएं। सदस्यता अभियान के मूल में देश निर्माण की ही भावना है। सरकार निर्जीव सजीव हो सकती है पर संगठन सदैव सजीव होता है।

सदस्यता का सौंपा प्रमाणपत्र

बड़ालालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल में शनिवार सुबह करीब 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे। पीएम ने टोल फ्री नम्बर जारी कर राष्ट्रीय सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। टोल फ्री नम्बर 8980808080 की लांचिंग के बाद पांच लोगों से मिस कॉल करवाकर उन्हें नए सदस्य के तौर पर भाजपा में शामिल कराया गया। इन सभी नए सदस्यों को सदस्यता का प्रतीक प्रमाण पत्र सौंपा गया। पीएम मोदी ने कहा कि यह कितना अच्छा संयोग है कि काशी की पावन धरती, श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती और पं। दीनदयाल उपाध्याय के नाम से स्थान से भाजपा के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान का शुभारंभ हो रहा है। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी का नाम लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी में इनके योगदान को हम भूल नहीं सकते हैं। काशी में किए गए पुण्य कभी क्षीण नहीं होते। ऐसे में मां गंगा की अविरल धारा की तरह भाजपा का विजय रथ भी गतिमान रहेगा।

आपकी मेहनत से मिली ये ऊंचाई

भाजपा के इतिहास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हमारा संगठन शुरू से सर्वव्यापी, समस्पर्शी व समावेशी है। ऐसे में कार्यकर्ता अपने को कम न आंके। वर्तमान में उत्तर पूर्व, पूर्व व दक्षिण भारत में एक बड़े दल के रूप में भाजपा उभर कर सामने आई है। आज पार्टी को जो विजय मिल रही है उसमें आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत है। आप के खून-पसीने से आज पार्टी को यह ऊंचाई मिली है। उन्होंने सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय का हवाला देते हुए कहा कि औरों और हममें यही अंतर है।

सबसे बुजुर्ग कार्यकर्ता सम्मानित

टीएफसी में शनिवार को सदस्यता अभियान के शुभारम्भ के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने पार्टी के सबसे पुराने एवं बुजुर्ग कार्यकर्ता बैजनाथ प्रसाद को शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इसके अलावा पांच समाजसेवी रेखा चौहान, हरिराम द्विवेदी, राम किशोर यादव, मंगला प्रसाद और छोटेलाल को अपने हाथों से सदस्यता ग्रहण कराया।

Posted By: Inextlive