प्रेस कांन्फ्रेंस कर कांग्रेस ने किया वार

VARANASI

कांग्रेस नौटंकी नहीं कर रही है बल्कि भाजपा के नौटंकी का पर्दाफाश कर रही है। पीएम नरेंद्र मोदी पूरे देश- विदेश में घूम घूम कर चुनावी जुमलों तथा झूठ बोलकर नौटंकी कर रहे थे। कांग्रेस पार्टी चौदह महीने के इनके झूठे कारनामों को देश की जनता के बीच उजागर कर रही है। इस बात को भाजपा के नेता पचा नहीं पा रहे हैं। इसलिए वे इसे नौटंकी बता रहे हैं। यह बात जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने शुक्रवार को मीडिया से कही। जिलाध्यक्ष ने कहा कि क्या यह सही नहीं है कि यूपीए सरकार द्वारा लाए गए भूमि अधिग्रहण बिल पर भाजपा ने अपनी सहमति नहीं दी थी। फिर क्या वजह है कि देश के पीएम उसमें संशोधन के लिए अध्यादेश लाए हैं। इससे स्पष्ट होता है कि इनकी कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने वाराणसी के एमएलसी द्वारा पं। जवाहर लाल नेहरू पर दिए गए बयान पर नाराजगी व्यक्त की। पत्रकार वार्ता में पिंडरा एमएलए अजय राय ने कहा कि डीएलडब्ल्यू मैदान की बदहाली के लिए जिम्मेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए मंडुआडीह थाने में कई दिन पहले तहरीर दी गई थी। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। कहा कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट के माध्यम से एफआईआर दर्ज कराया जाएगा।

Posted By: Inextlive