-लंगर में ग्रहण किया प्रसाद, श्रद्धालुओं को किया सम्बोधित

-दर्शन-पूजन कर वापस लौटीं नई दिल्ली, एयरपोर्ट पर कार्यकताओं से किया मुलाकात

VARANASI

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी रविवार दोपहर वाराणसी पहुंचीं। एयरपोर्ट से निकलकर सीर गोवर्धन स्थित संत रविदास मंदिर में जयंती पर्व के मौके पर मत्था टेका। इस दौरान सीर में संत निरंजन दास का आशीर्वाद लेने के साथ ही लंगर और प्रसाद भी ग्रहण किया। दोपहर बाद बाबतपुर एयरपोर्ट पर कांग्रेस पदाधिकारियों से मुलाकात के बाद नई दिल्ली रवाना हो गई।

समाज को दी सीख

प्रियंका गांधी रविदास मंदिर पहुंचीं तो निर्मल चंद व शमशेर सिंह दुल्लो ने स्वागत किया। इसके बाद प्रियंका ने मंदिर में मत्था टेकने के बाद संत रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। अमृतवाणी पर माला चढ़ाने के बाद प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद मंदिर में मूर्ति की परिक्रमा कर बाहर निकलीं। वीआईपी हाल में बैठे एनआरआई से मिलीं। लंगर हाल में प्रियंका कार्यकताओं के साथ लंगर छकने के बाद सत्संग पंडाल की तरफ रवाना हुईं तो संत निरंजनदास से आशीर्वाद लिया। समारोह स्थल पर बने विशाल पंडाल में मंच पर आसीन प्रियंका गांधी ने कहा कि जयंती पर्व पर यहां आकर खुशी हो रही है। मंदिर के चौखट पर मत्था टेकने का सौभाग्य मिला है। कबीर दास और संत रविदास ने लोगों की इज्जत करना सिखाया। संत रविदास ने बेगमपुरा का सपना देखा था जहां भेदभाव न हो। संविधान में भी यही कोशिश हुई। इस समय सबसे ज्यादा जरूरत है कि उनकी वाणी का हम पालन करें। वहीं प्रियंका गांधी ने सुबह ही ट्वीट कर संत रविदास को नमन करने के साथ ही वाराणसी आगमन की जानकारी भी शेयर किया था। दोपहर में प्रियंका गांधी, प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू, सीएलपी लीडर आराधना मिश्रा मोना के साथ विस्तारा एयरलाइंस के विमान से 12.05 बजे वाराणसी के एलबीएस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचीं। एयरपोर्ट के एप्रन पर पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक अजय राय, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, पूर्व महानगर महासचिव मनीष चौबे, किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर रामसुधार मिश्र, जितेंद्र सेठ, डॉ। जेपी तिवारी, महेश सिंह, जंत्रलेश्वर यादव, प्रभात वर्मा के साथ ही कांग्रेस के अन्य नेताओं ने उनकी आगवानी की।

Posted By: Inextlive