-सुबह से ही स्नान को आस्थावानों की लग गयी थी लाइन

-श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद मंदिरों में किया दर्शन पूजन

माघ पूíणमा पर पुण्य की डुबकी लगाने के लिए गंगा घाटों पर आस्थावानों का सैलाब उमड़ा। शनिवार को गंगा घाटों पर डुबकी लगाने के लिए आस्थावानों का रेला सुबह से ही गंगा किनारे नजर आने लगा। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया वैसे वैसे भीड़ बढ़ती गयी। हालांकि, तड़के से सूरज के उगने तक अधिक भीड़ होने के बाद दिन चढ़ते ही गंगा से लोगों की लाइन मंदिरों की ओर बढ़ गयी। यहां शाम तक दर्शन-पूजन का क्रम जारी रहा।

घाट से मंदिर तक लाइन

पुण्य का लाभ लेने के लिए दूर-दूर से लोग तड़के ही बनारस पहुंच गए थे। दोपहर तक स्नान करने वालों से गंगा घाट पटा हुआ था। स्नान करने वाले प्रत्येक घाट हर हर महादेव व हर हर गंगे का उद्घोष करते देखे गए। बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ दरबार से लेकर विभिन्न मंदिरों में मत्थ टेकने वालों की लाइन पूरे दिन लगी रही। इसके अलावा गंगा गोमती संगम स्थली कैथी में भी स्नान करने वालों की सुबह से ही लाइन लगी रही।

दर्शन पूजन के साथ किया दान

गंगा घाट पर स्नान के बाद श्रद्धालु विभिन्न मंदिरों में दर्शन पूजन के अलावा दान पुण्य भी किया। अन्न धन और वस्त्रादि दान की मान्यता होने की वजह से लोगों ने मंदिरों में दान के अलावा गरीबों को भी स्नान के बाद दान की परंपरा का निर्वहन किया। यह सिलसिला शाम तक चलता रहा। स्नान, मंदिरों में दर्शन पूजन व दान देने के बाद ज्यादातर अपने घरों को वापस लौट गए।

Posted By: Inextlive