राजस्थान के युवक को बनाया शिकार शादी के बाद राजघाट पुल पर बीच रास्ते में धोखा देकर हो गई फरार वाट्सएप ग्रुप के जरिए जरूरतमंद युवक की डिटेल निकाली जाती है


वाराणसी (ब्यूरो)वाराणसी में एक बार फिर लुटेरी दुल्हन गिरोह के सक्रिय होने का मामला सामने आया है। इस बार भी राजस्थान के युवक को शिकार बनाकर करीब दो लाख रुपए लूटने के बाद दुल्हन फरार हो गई। इस घटना के आधार पर दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की टीम ने पड़ताल की तो चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। वाराणसी में लगभग हर समाज का वाट्सएप ग्रुप है, जिस पर सामाजिक गतिविधियों के साथ शादी के लिए प्रपोजल भी अदान-प्रदान किया जाता है। इन्हीं ग्रुप पर जरूरतमंद और शादी के इच्छुक युवक डिटेल लेकर शिकार बनाया जाता है। यह गिरोह बनारस से लेकर राजस्थान तक फैला है.

ऐसे हुई घटना

जोधपुर निवासी जैन दिनेश कांतिल ने बताया, वह अपने चार मित्रों के साथ गत 27 मार्च को वाराणसी आया था। जोधपुर के एक व्यक्ति के माध्यम से यहां की एक महिला से उसकी शादी की बात हुई थी। वाराणसी आकर वह कैंट स्टेशन के सामने एक होटल में रुका। अगली सुबह एक व्यक्ति आया और उसे युवती की फोटो दिखाया। फोटो में युवती पसंद आने के बाद वह व्यक्ति दिनेश को सूजाबाद, रामनगर स्थित उसके घर ले गया। शादी की बात तय हो गई तो परिवार की खराब आर्थिक स्थिति का हवाला देकर कपड़े खरीदने के लिए दिनेश से 15 हजार रुपये की मांग की गई।

कूदकर भागी दुल्हन

30 मार्च को दिनेश और युवती कचहरी पहुंचे। युवती के साथ उसकी कथित मां और दो अन्य लोग भी थे। कचहरी में दोनों की नोटेरियल शादी हुई। इसके बाद दो टेंपो में सवार होकर सभी सूजाबाद स्थित एक मंदिर पहुंचे। मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार दोनों का विवाह संपन्न हुआ। शादी के बाद दिनेश दुल्हन को लेकर सूजाबाद से ऑटो से चला। राजघाट पुल से थोड़ा पहले उसके ऑटो के सामने एक ऑटो आकर रुका। इसके बाद दुल्हन ऑटो से कूदकर दूसरे ऑटो में बैठ गई। फिर, सभी तेजी से निकल गए। दिनेश ने बताया कि वह दुल्हन की खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं लगा.

2023 मई में भी हुई थी घटना

मई 2023 में राजस्थान के नागौर जिले के महावीर नगर मेड़ता निवासी वैंकटेश्वर तिवाड़ी के साथ भी इसी तरह की घटना हुई थी। तिवाड़ी को वाराणसी की लुटेरी दुल्हन और उसके तीन सिपहसालारों (सारनाथ थाना के सिपाही) ने मिलकर लूट लिया था। इन्होंने अपने गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर व्यापारी को शादी का झांसा दिया और फिर देह व्यापार के धंधे में फंसाने की धमकी देकर रंगदारी वसूल ली। सीपी के निर्देश पर सारनाथ थाने में तीन सिपाही, दो महिलाओं समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया। केस दर्ज कर तीनों सिपाहियों और दोनों महिलाओं को अरेस्ट किया गया था.

जून 2023 में 3 की गिरफ्तारी

चौबेपुर थाना क्षेत्र में गैंग ने हिसार निवासी राजकुमार और खुशबू की प्लान के तहत रुस्तमपुर में 16 जून को फर्जी शादी करवा दी। शादी के लिए मनीष तनेजा ने डेढ़ लाख रुपए भी राजकुमार से लिए। शादी के बाद युवक खुशबू की विदाई करवाकर कैंट स्टेशन से हिसार के लिए ट्रेन पकडऩे के लिए पहुंचा। उसी समय टॉयलेट का बहाना बनाकर खुशबू वहां से फरार हो गई। इस मामले में पुलिस ने चंदौली के रहने वाली लुटेरी दुल्हन सहित दो महिलाओं को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया था.

फरवरी 2023 में माहेश्वरी परिवार को बनाया शिकार

वाराणसी की कैंट जीआरपी पुलिस ने फरवरी 2023 में लुटेरी दुल्हन को पकड़ा था। यह महिला गोरखपुर की रहने वाली थी। जीआरपी की मानें तो इस गैंग का शिकार राजस्थान के अजमेर जिले का रहने वाला माहेश्वरी परिवार बना था।

सामाजिक गतिविधि के अलावा शादी-विवाह के लिए भी वाट्सअप ग्रुप बनाए जाते हैं। जिसमें समाज के लोग ही जुड़े होते हैं, लेकिन कुछ गलत इरादे वाले लोग ग्रुप में आने वाली डिटेल का गलत इस्तेमाल करते हैं। ऐसे लोगों की पहचान करना मुश्किल होता है.

अनिल वर्मा, सोशल वर्कर

हमारे समाज की गतिविधियों के लिए कई वाट्सअप ग्रुप बनाए गए हैं, जिसमें शादी-विवाह के लिए अलग गु्रप है। इस पर सिर्फ लड़की-लड़के का फोटो सहित बायोडाटा शेयर किया जाता है। अभी तक हमारे समाज में इस तरह की शिकायत नहीं मिली है। फिर भी हमारी टीम अलर्ट है.

मनोज कालरा, सोशल वर्कर

घटना की जांच कराई जा रही है। अभी तक कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिली है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। अभी एक व्यक्ति की ओर से मौखिक जानकारी मिली है.

अमित पांडेय, एसीपी, कोतवाली

Posted By: Inextlive