-आइएमएस बीएचयू में एसआर के लिए प्रक्रिया स्टार्ट

-विभिन्न विभागों में 192 एसआर की होगी नियुक्ति

आइएमएस, बीएचयू के डेंटल साइंस फैकल्टी में डॉक्टर्स की कमी खत्म होने वाली है। फैकल्टी में जूनियर डॉक्टर्स की संख्या इस साल बढ़ने वाली है। कुछ महीने में ही फैकल्टी को नौ और सीनियर रेजिडेंट मिलने जा रहे हैं। इससे दांत संबंधी बीमारियों का ट्रीटमेंट और बेहतर हो जाएगा। इसके अलावा यहां पर ईडब्ल्यूएस कोटे से पांच एमडीएस की भी सीटें बढ़ने जा रही है। यानी यहां पर अब पेशेंट को उपचार कराने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। साथ ही अधिक से अधिक अनुभवी डेंटिस्ट भी मिलेंगे।

नियुक्त होंगे 192 एसआर

आइएमएस ने पिछले महीने ही संस्थान के सभी संकायों माडर्न मेडिसिन, आयुर्वेद संकाय, डेंटल साइंस संकाय के लिए एसआर की पोस्ट विज्ञापित की गई थी। इसके तहत सभी संकायों को मिलाकर विभिन्न विभागों में करीब 192 एसआर की नियुक्ति होनी है। इसकी प्रक्रिया इसी माह शुरू होने जा रही है। 23 से 26 जुलाई के बीच सभी की नियुक्ति की जानी है। ताकि ट्रीटमेंट के लिए जूनियर डॉक्टर्स की कमी नहीं हो।

आयुर्वेद के स्टूडेंट को नहीं मिला मौका

छात्रों ने आयुर्वेद संकाय में एसआर की नियुक्ति को टालने की मांग की थी। उनका तर्क था कि अगर यह नियुक्ति तीन महीने के लिए टल जाए तो उन्हें भी इस नियुक्ति में शामिल होने का मौका मिल जाएगा। इसके लिए एक कमेटी भी गठित की गई थी। जिसने नियुक्ति समय पर ही करने का सुझाव दिया था। डेंटल साइंस फैकल्टी के डीन प्रो। विनय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जल्द ही संकाय में नौ एसआर मिलने वाले हैं। इसके साथ ही ईडब्ल्यूएस कोटे से एमडीएस की पांच सीटें भी बढ़ने वाली है। इससे डॉक्टर्स की कमी दूर हो जाएगी।

Posted By: Inextlive