- सोमवार देर रात राजातालाब की घटना

- दो युवतियों का हॉस्पिटल में चल रहा इलाज

सोमवार देर रात को वीभत्स सड़क दुर्घटना हुई। इस घटना में तीन की मौत हो गई जबकि दो युवतियों को गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। एक स्कार्पियो तेज रफ्तार में जा रही थी। उसके आगे धीमी रफ्तार से ट्रक चल रहा था। स्कार्पियो चालक रफ्तार पर कंट्रोल नहीं कर पाया और गाड़ी ट्रक के पीछे जा घुसी। इस घटना में स्कार्पियों के परखच्चे उड़ गए। एक घंटे की मशक्कत के बाद स्कार्पियो के आगे का भाग कटकर निकाला गया, तब ड्राइविंग सीट से चालक और आगे बैठे व्यक्ति की बाडी को निकाला जा सका।

दो युवक और एक महिला की मौत

कार्यवाहक थानाध्यक्ष राजातालाब ओम प्रकाश यादव ने बताया कि रात लगभग 12 बजे एक स्कार्पियो मोहनसराय की तरफ से प्रयागराज की तरफ जा रही थी। उसके आगे-आगे एक ट्रक जा रहा था। इस बीच हनुमान मंदिर के पास स्कार्पियो पीछे से ट्रक में घुस गई। हादसे में स्कार्पियो चला रहे जौनपुर के जलालपुर थानांतर्गत बहादुरपुर गांव निवासी 24 वर्षीय सूरज कुमार यादव व उसमें सवार मंडुआडीह के भुल्लनपुर निवासी 23 वर्षीय अनिल कुमार, भुल्लनपुर की 22 वर्षीय आरती पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, लंका थानांतर्गत छित्तूपुर निवासी वंदना पटेल व भुल्लनपुर निवासी शिवांगी उर्फ ¨रकी गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने मौके से मिले मोबाइल फोन से नंबरों की जानकारी कर मरने वालों की शिनाख्त की।

रास्ता भटके स्कार्पियो सवार

गंभीर रूप से घायल वंदना पटेल ने बताया कि अपनी बहन आरती पटेल, अनिल, सूरज व शिवांगी के साथ स्कार्पियो से छित्तूपुर लंका से भुल्लनपुर जा रहे थे। इस बीच मोहनसराय के पास हम लोग रास्ता भटक गए और आगे बढ़ गए। आगे दुर्घटना हो गई। पुलिस ने गाड़ी कटवा कर लगभग एक घंटा मशक्कत के बाद चालक व आगे वाली सीट पर बैठे युवक को बाहर निकाला। हादसे में स्कार्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची वंदना की मां बैजंती देवी ने बताया कि मेरी दोनों लड़कियां वंदना पटेल व आरती पटेल किराए के मकान में रहती थीं। वंदना ने सूरज यादव के साथ प्रेम विवाह किया था। हम लोग मूल रूप से सोनभद्र के रौत चुर्क के रहने वाले हैं। हादसे में गंभीर रूप से घायल वंदना पटेल बार-बार अपने पति सूरज के बारे में पूछ रही थी। वह गर्भवती है। घायल शिवांगी और दुर्घटना में मृत अनिल कुमार दोस्त थे। शिवांगी के बारे में पुलिस बता रही है कि उसका पता राजस्थान का है।

स्कार्पियो मालिक को नहीं थी जानकारी

स्कार्पियो जौनपुर के जलालपुर के बहादुर गांव निवासी मनोज यादव उर्फ पप्पू के नाम से पंजीकृत है। हादसे का पता चलने पर तलाश करते वह मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि गाड़ी के मालिक आए थे और कह रहे थे कि हमारा लड़का कल टायर लेकर चंदौली गया था, जहां हमारे ट्रक का टायर पंक्चर हुआ था। उसके बाद रात से लड़के का मोबाइल बंद था। इस बारे में घायल वंदना पटेल ने बताया कि जिसकी गाड़ी थी वह हमारे कमरे पर रुक गया था। हम लोग उसकी गाड़ी लेकर निकले थे और दुर्घटना हो गई।

वर्जन

स्कार्पियो की रफ्तार बहुत तेज थी। दुर्घटना में तीन की मौत हो गई है। दो युवतियों का उपचार हॉस्पिटल में चल रहा है। घटना से संबंधित अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

डॉ। चारू द्विवेदी, सीओ, सदर

Posted By: Inextlive