उन पर रहम हम पर सितम साहब ये ठीक नहीं
- व्यापारियों ने किया निगम के प्लास्टिक अभियान का विरोध
VARANASIशहर में प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम के अभियान का व्यापारियों ने विरोध किया। उन्होंने नगर निगम के प्रवर्तन दल पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। मंगलवार को वाराणसी व्यापार मंडल ने नगर आयुक्त गौरांग राठी से प्रतिबंधित प्लास्टिक पर स्थिति साफ करने की मांग की। नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि एक-दो दिन में कार्यशाला आयोजित कर सभी शंका को दूर किया जाएगा। वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी मंगलवार सुबह 11 बजे निगम मुख्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने नगर आयुक्त के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। उनका कहना था कि प्लास्टिक बैग, केरी बैग और थर्माकोल प्लेट्स की आड़ में नगर निगम और प्रदूषण विभाग व्यापारियों का शोषण कर रहा है। मल्टीनेशनल कंपनियां प्रतिबंधित प्लास्टिक का यूज कर रही हैं पर उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। जबकि वाराणसी में लघु उद्योग करने वाले व्यापारियों द्वारा खाद्य पदार्थों की पैकिंग में इस्तेमाल प्लाटिक मैटेरियल को लेकर उनका उत्पीड़न किया जा रहा। इस दौरान जगदीश प्रसाद गुप्ता, प्रमोद अग्रहरि, एनपी जायसवाल, संजय गुप्ता, सत्यप्रकाश जायसवाल, तिलकराज, मनीष मिश्र, जाकिर अली, शहीद कुरैशी, नरेंद्र सोनी, अनूप सेठ, जय नेलानी, मनीष गुप्ता, शालिनी गोस्वामी, रीता अग्रवाल, हुमा बानो, आरती शर्मा, सरिता विष्वकर्मा, गुडि़या केशरी, शशि जायसवाल, आरती मेहरोत्रा आदि थे।