-पहाड़ों पर बर्फबारी का असर बनारस तक पहुंचा

-धूप भी अब बेअसर, सुबह व शाम को आसमान में छाने लगी धुंध

बनारस तक अब ठंडी हवाएं पहुंचने लगी हैं, दिन प्रतिदिन पारा लगातार गिरता जा रहा है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में गलन शुरु होने के साथ ही कोहरे का दौर स्टार्ट हो जाएगा। वाराणसी में गुरुवार की सुबह आसमान साफ रहा और सुबह मामूली कोहरा भी रहा। दिन चढ़ने के साथ ही सूरज की रोशनी का असर दिखा और धूप गुनगुनी होती चली गई। दोपहर बाद ठंडी हवाओं का दौर शुरू हुआ तो शाम ढलते लोगों को गलन का भी बखूबी अहसास हुआ। वहीं सुबह आसमान में छाया धुंध छंटा तो तापमान में भी इजाफा हुआ और लोगों को ठंड से राहत मिली।

अधिकतम तापमान पहुंचा 25 पर

बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 75 परसेंट और न्यूनतम 71 परसेंट दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से जारी सेटेलाइट तस्वीरों में बनारस में बादलों की मामूली सक्रियता का दौर बना हुआ है। जबकि पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी की वजह से पहाड़ों से आने वाली ठंडक का भी असर अब बनारस तक पहुंचने लगा है। पुरवा और पछुआ हवा का मेल होने से बादल भी बन रहे हैं हालांकि वातावरण से पर्याप्त नमी न मिल पाने की वजह से जोरदार बारिश नहीं हो पा रही है।

लगातार बढ़ेगी ठंड

मौसम विज्ञानी प्रो। एसएन पांडेय के अनुसार पछुआ हवाओं का दौर धीरे धीरे ही सही मगर अब अपना असर दिखाने लगा है। आने वाले दिनों में पछुआ हवाओं की जद में बनारस आ जाएगा और दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी अब बेअसर होने लगेगी। जबकि पहाड़ों पर बर्फबारी का असर बनारस तक होने के साथ ही गलन का भी दौर शुरू हो जाएगा। इसी के साथ ही ठंड का व्यापक असर शुरू हो जाएगा।

Posted By: Inextlive