- 20-25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं उत्तर की ओर से हवाएं, आसमान पर छाये रहे बादल

स्लो रफ्तार से चल रही ठंड को सोमवार को हिमाचल की हिमालय की बफीली हवाओं ने हवा दे दी। नतीजा ये हुआ कि ठिठुरन बढ़ गयी। आसमान पर दिन भर बादल छाये रहे। इस दौरान बूंदाबादी भी हुई। मौसम में इस बदलाव को विशेषज्ञों ने तेज ठंड और शीतलहरी के संकेत दिए हैं। फिलहाल टेम्प्रेचर 19-20 डिग्री सेल्सियस तक चल रहा है लेकिन अगले सप्ताह तक 13-14 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे जा सकता है।

चली तेज हवा

सोमवार को सुबह 20.6 डिग्री सेल्सियस से शुरू हुआ तापमान, दिन में अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस तक गया। वहीं, सावन के कई महीने बाद पूरे दिन करीब 20-25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली हैं। इस बीच मौसम विज्ञानियों का कहना है कि हवाएं रविवार देर रात और सोमवार की तड़के सुबह से ही चल रही हैं, जिसमें काफी नमी भी है। सुबह से लेकर शाम तक आसमान में एक पीला पन देखा गया। वहीं, सूरज दिन भर के लिए बादलों के पीछे छुपे रहे, जिससे मौसम में गलन काफी बढ़ गई।

हो सकती है बारिश

पर्यावरणविद प्रो। मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार उत्तर और हिमालय की ओर से चल रहीं तेज बर्फीली हवाओं ने मौसम को बेहद सर्द बना दिया है। हालांकि दिल्ली और हरियाणा में जिस तरह से बारिश हुई है, वैसे बनारस में होने की संभावना बेहद कम है, लेकिन अगले सप्ताह तक बारिश ठीक-ठाक हो सकती है। प्रो। श्रीवास्तव ने बताया कि चार-पांच दिन तक इसी तरह से धुंधली धूप और एक सामान्य तापमान मौसम में बना रहेगा, लेकिन इसके बाद गलन व सिहरन का दौर शुरू होगा और ठंड में तेजी से वृद्धि होगी।

Posted By: Inextlive