रविवार अहले सुबह शुरू हुई झमाझम बारिश ने शहर का मौसम खुशनुमा बना दिया। बारिश तो महज 12 मिलीमीटर हुई, लेकिन तापमान में शनिवार के मुकाबले छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। बादलों के कारण न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 25 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे तक गिर कर 30.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बनारस में अभी छह-सात दिन तक बेहतर बारिश हो सकती है। बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो। मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बनारस में पूरवा हवा ने जोर पकड़ लिया है। इसी वजह से बंगाल की खाड़ी की ओर से नम हवा काशी की ओर तेजी से आ रही है। इससे इस पूरे सप्ताह में ठीक-ठाक बारिश होने की संभावना बन रही है।

Posted By: Inextlive