- पति की मौत के बाद व्यथित रहती थी 30 वर्षीय गुडि़या

- पंखे के सहारे फांसी लगाकर दे दी जान

लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में महिला ने पति के वियोग में जान दे दी। बक्सर, बिहार की मूल निवासी 30 वर्षीय गुडि़या अपने ससुर, सास व बच्चों के साथ रहती थी। कुछ दिनों पूर्व ही उसके पति की मौत हुई थी। महिला के मायके वालों ने बताया कि पति की मौत के बाद गुडि़या व्यथित रहती थी। बुधवार की रात खाना खाकर सोने चली गई। इसी दौरान रात में किसी समय गुडि़या ने पंखे के सहारे फांसी लगा ली। घर के लोगों को सुबह इसकी जानकारी हुई, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवती को दो बच्चे हैं। घटना के बाद दोनों के परिवारीजन में कोहराम मच गया।

::: बॉक्स :::

पत्नी, बच्चे को बाहर निकाल लगा ली फांसी

- पारिश्रमिक नहीं मिला से था तनाव में, टाइल्स लगाने का करता था काम

सारनाथ थाना क्षेत्र में एक युवक ने पत्नी से विवाद के बाद आत्महत्या जैसा प्राणघातक कदम उठा लिया। मिली जानकारी के अनुसार मूलरूप से बिहार के बेगूसराय निवासी सुरजीत साहनी (35) पत्नी शोभा व तीन वर्ष के बच्चे के साथ पहडि़या स्थित श्रीनगर कॉलोनी में रहकर टाइल्स लगाने का काम करता था। पत्नी शोभा ने बताया कि पिछले दिनों उसने कुछ लोगों के यहां काम किया, लेकिन पारिश्रमिक नहीं मिला। इसको लेकर वह तनाव में था। शोभा ने बताया कि बुधवार की रात शराब के नशे में उन्हें मारपीट कर घर से निकाल दिए। रातभर वह बच्चे को लेकर घर के बाहर बैठी रही। वहीं गुरुवार की सुबह कमरे के अंदर कोई आहट न होते देख खिड़की से झांका तो अवाक रह गई। पति ने पंखे से फांसी लगाकर जान दे दी थी। जानकारी होने पर पहुंचे आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी रही।

Posted By: Inextlive