प्रदूषण का दंश झेल रहे बनारस में हरियाली का विशेष महत्व है। शहर के लोगों को हवा में घुले जहर से सिर्फ पेड़-पौधे ही बचा सकते हैं। यह समझते हुए कबीर कॉलोनी के निवासियों ने खुद से पहल आरंभ की और उपेक्षित पड़े पार्को को हरा-भरा करने में लग गए। हर उम्र के लोगों का समूह बिना किसी सहायता से पार्को की सफाई करने के बाद उनमें पेड़-पौधे लगा रहा है। यही नहीं उसकी देखभाल भी कर रहा है। इस समूह ने अब तक चार से अधिक पार्को को सुंदर फूलों से भर दिया है। साथ ही उसमें उपयोगी पेड़ भी लगाए हैं। इस काम में खर्च होने वाले रुपयों का इंतजाम खुद ही करते हैं। हालांकि उनके इस सराहनीय कार्य का दायरा बढ़ रहा तो उन्हें आर्थिक सहायता की आवश्कयता भी हो रही है। इसके लिए वन विभाग और नगर निगम से सम्पर्क साध रहे हैं। इस काम में मुख्य भूमिका पीयूष मेहरोत्रा, प्रशांत मिश्र, विपिन गुप्ता आदि निभा रहे हैं। धन का सहयोग 100 से अधिक लोग कर रहे हैं।

Posted By: Inextlive