- महिला एसएचजी और सरकार की स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े लोगों को मिलेगा लाभ

- पूरे स्टेट के 7 लाख 54 हजार 984 लाभार्थियों को मिलेगी राहत

देहरादून,

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े महिला स्वयं सहायता समूहों से वर्चुअल संवाद किया। उन्होंने कोरोनाकाल में प्रभावित महिला स्वयं सहायता समूहों और राज्य सरकार की स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों के लिए 118 करोड़ 35 लाख रुपए के राहत पैकेज का ऐलान किया। कहा, इससे पूरे राज्य में 7 लाख 54 हजार 984 लोगों लाभ मिलेगा।

स्वयं सहायता समूहों का सराहनीय कार्य

सीएम ने कहा कि विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है। जिनका राज्य की अर्थव्यवस्था में काफी योगदान रहा है। लेकिन, महामारी को देखते हुए इनके क्रियाकलापों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। इन स्वयं सहायता समूहों में खासकर महिलाएं कार्य करती हैं। यही पहाड़ की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। सीएम ने कहा कि कोविड के कारण इन महिला स्वयं सहायता समूहों और राज्य सरकार की स्वरोजगार योजनाओं के लाभार्थियों के व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। इन्हें राहत देने के लिए इस पैकेज का ऐलान किया गया है। ग्राम्य विकास मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के लिए उत्पादों की बिक्त्री के लिए उचित व्यवस्था हो। अधिकारियों द्वारा समूहों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनी जाय और उनका समाधान किया जाय।

पैकेज की खास बातें

-पैकेज से राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं आईएलएसपी के तहत गठित 30,365 समूहों को उनके द्वारा लिए लोन पर 24.82 करोड़ रुपये की ब्याज प्रतिपूर्ति करेगी सरकार।

-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित 159 सीएलएफ को प्रति सीएलएफ 5 लाख रुपये का एक मुश्त अनुदान दिया जाएगा।

-इसकी अनुमाति राशि होगी करीब 7.95 करोड़।

- स्वयं सहायता समूहों को स्वावलंबन के लिए 6 माह के लिये आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी।

-जिसमें कुल 42989 समूहों को 2000 रूपये प्रतिमाह की दर से कुल 51.59 करोड़ की सहायता मिलेगी।

-सीएम स्वरोजगार योजना में लाभार्थियों को 5 हजार रूपए प्रतिमाह की दर से 6 माह के लिए लिए गए लोन पर ब्याज प्रतिपूर्ति होगी।

-इसकी अनुमानित राशि करीब 9 करोड़ रूपए आएगी।

-सीएम सौर स्वरोजगार योजना के लोन खाता धारकों को 6 माह के लिए ब्याज प्रतिपूर्ति कराई जायेगी।

-इसकी अनुमानित लागत एक करोड़ रुपए आंकी गई।

-युवा कल्याण एवं प्रान्तीय विकास दल के युवक मंगल दल व महिला मंगल दलों को स्वावलम्बन के लिए 6 माह के लिए आर्थिक सहायता मिलेगी।

-इसमें 20 हजार समूहों को 2 हजार रूपए प्रति माह की दर से आर्थिक सहायता दी जाएगी।

-इस आर्थिक सहायता पर करीब 24 करोड़ रुपए का खर्च आएगा।

महिला एसएचजी का अहम योगदान

सीएम ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने के की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। महिला स्वयं सहायता समूहों का इसमें महत्वपूर्ण योगदान है। राज्य के विकास में मातृ शक्ति जिस मनोयोग से कार्य कर रही है, यह सबके लिए प्रेरणा है।

रोजगार व स्वरोजगार प्राथमिकता

सीएम ने कहा कि मुख्य सेवक की शपथ लेते ही उन्होंने प्रदेश के युवाओं एवं मातृ शक्ति को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास शुरू कर दिये हैं। राज्य में अनेक सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सभी विभागों को स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए निर्देश दिये गये हैं। जिसकी लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है।

समूहों के सुझाव, अच्छी मशीनें चाहिए

कार्यक्रम में सीएम ने सभी जनपदों के महिला स्वयं सहायता समूहों से बातचीत की। परेशानियों के बारे में जानकारी ली। क्या सुधार करने चाहिए, समूहों के सुझाव भी प्राप्त किए। अधिकांश ने अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए और अधिक उन्नत मशीनें उपलब्ध करवाए जाने और प्रोडक्ट की मार्केटिंग की व्यवस्था पर जोर दिया।

क्या बोली महिलाएं::

अल्मोड़ा की भगवती स्वयं सहायता समूह की माया देवी ने कहा कि उन्होंने बकरीपालन के लिए 21 हजार रूपये का लोन लिया था। अभी तक वह 42 हजार रूपये की बकरी बेच चुकी हैं। उनके समूह में 7 सदस्य ये कार्य कर रहे हैं।

-बागेश्वर की आशा देवी ने कहा उनके क्लस्टर से सिलाई-बुनाई का कार्य किया जा रहा है। आर्डर पर सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए ड्रेस बनाई जा रही है। 266 महिलाएं जुड़ी हैं। एक महिला हर माह 8 से 10 हजार रूपये कमा रही है।

-चमोली जोशमठ की नर्मदा देवी बोली, उनके तपोभूमि क्लस्टर ने पंचबद्री प्रसाद बनाया है। ऑनलाईन बिक्त्री भी की जा रही है।

-दून के डोईवाला विकासखंड की रीना रावत बोली, उनका समूह मशरूम उत्पादन एवं फूड प्रोसेसिंग पर काम कर रहा है।

सक्सेस स्टोरी बुक लॉन्च

सीएम ने महिला स्वयं सहायता समूहों की सक्सेस स्टोरी पर आधारित ग्राम्य विकास विभाग की पुस्तक का भी विमोचन किया। सीएम ने हर जिले से चयनित महिला स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित भी किया। सीएम ने केंद्र सरकार द्वारा पुरस्कृत गौरा स्वयं सहायता समूह को एक लाख रूपए राशि का चैक, प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया। सीएम ने ऊधमसिंहनगर जिले नारी शक्ति क्लस्टर की चन्द्रमणि दास को सम्मानित किया। गत 12 अगस्त को चन्द्रमणि से पीएम ने वर्चुअल संवाद किया था।

Posted By: Inextlive