-प्रेमनगर में परचून की दुकान चलाने वाले व्यक्ति को महिला ने लिया झांसे में

-महिला ने पीडि़त को मिलाया था आरोपी ठग से

देहरादून,

प्रेमनगर थाना पुलिस ने एफआरआई में क्लर्क की नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो लाख रुपये की ठगी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार किया गया शेर सिंह तोमर एफआरआई में ड्राइवर था। 2019 में उसने वीआरएस ले लिया। इसके बाद उसने धोखाधड़ी शुरू कर दी। आरोपी शेर सिंह पहले भी धोखाधड़ी के मामलों में जेल जा चुका है। मामले में मुख्य किरदार निभाने वाली महिला को पुलिस सर्च कर रही है।

2018 में हुई थी महिला से मुलाकात

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रेमनगर के रहने वाले लोकेश कुमार ने बताया कि उसकी मुलाकात 2018 अंजू यादव निवासी मोहनपुर से हुई थी। लोकेश की क्षेत्र में परचून की दुकान है, अंजू यादव उनकी दुकान से सामान लेने के लिए आती थी। अंजू यादव ने लोकेश को बताया कि उसकी एफआरआई के अधिकारियों से जान-पहचान है। वह एफआरआई में उसकी क्लर्क पद पर नौकरी लगवा देगी। अंजू यादव ने लोकेश की मुलाकात शेर सिंह तोमर नामक व्यक्ति से कराई। आरोप है कि शेर सिंह ने नौकरी लगवाने के एवज में पांच लाख रुपये की मांग की। दोनों के बीच एग्रीमेंट भी हुआ और लोकेश ने मई 2018 को शेर सिंह को पहली किश्त के रूप में दो लाख रुपये दे दिए। जब नौकरी नहीं मिली तो लोकेश ने शेर सिंह और अंजू यादव से संपर्क किया। लेकिन शेर सिंह लगातार टालता रहा और बाद में धमकियां भी देने लगा। ठगी का एहसास होने पर लोकेश ने प्रेमनगर थाने में कंप्लेन दी। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी शेर सिंह तोमर और अंजू यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। शनिवार को शेर सिंह को गोरखपुर चौक से गिरफ्तार कर लिया गया।

Posted By: Inextlive