- गढ़वाल राइफल्स रेंजीमेंट सेंटर लैंसडौन की ओर से आयोजित भर्ती रैली की शुरुआत

- 522 युवाओं ने दौड़ की बाधा पार कर नेक्स्ट राउंड में की एंट्री

KOTDWAR: गढ़वाल राइफल्स रेंजीमेंट सेंटर (जीआरआरसी) लैंसडौन की ओर से विक्टोरिया क्रॉस गबर सिंह कैंप में 13 दिवसीय भर्ती रैली की रविवार को शुरुआत हो गई। पहले दिन उत्तरकाशी के युवाओं ने दम दिखाया। 522 युवाओं ने दौड़ की बाधा पार कर अगले दौर में प्रवेश किया।

3202 ने किया था ऑनलाइन आवेदन

प्रथम दिवस उत्तरकाशी जनपद की पुरोला, मोरी, राजगढ़ी, चिन्यालीसौंण, भटवाड़ी व बड़कोट तहसील के युवाओं ने रैली में शिरकत की। रैली प्रक्रिया सुबह पांच से शुरू हुई। युवाओं को 200-200 के समूह में मैदान तक ले जाया गया। भर्ती निदेशक कर्नल विनीत वाजपेयी ने बताया कि 3202 युवाओं ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इनमें से 2744 युवाओं ने रैली में भागीदारी की। बताया कि इन युवाओं में से 522 ने निर्धारित समय पर सोलह सौ मीटर की दौड़ पूरी की। युवाओं को मैदान में प्रवेश से पूर्व ही कोरोना की निगेटिव जांच रिपोर्ट दिखाने को कहा गया। साथ ही भर्ती मैदान में प्रवेश से पूर्व प्रतिभागियों की स्क्री¨नग भी की जा रही है।

आज रुद्रप्रयाग जिले के युवा दिखाएंगे दम

सोमवार को भर्ती रैली के दूसरे दिन रुद्रप्रयाग के युवा दम दिखाएंगे। भर्ती निदेशक कर्नल बाजपेयी ने बताया कि सोमवार को रुद्रप्रयाग जिले की ऊखीमठ, जखोली व बसुकेदार तहसीलों के युवा भर्ती होने पहुंचेंगे। साथ ही उत्तरकाशी की बड़कोट तहसील के 522 युवा रैली में दम दिखाएंगे।

ठंड में भी युवाओं में जोश

भर्ती रैली के मद्देनजर विभिन्न क्षेत्रों से शनिवार को ही युवा कोटद्वार पहुंच गए थे। मध्य रात्रि से ही युवा काशीरामपुर तल्ला स्थित मैदान के आसपास जुटने लगे थे। हैरानी की बात यह है कि नगर निगम प्रशासन की ओर से भर्ती मैदान के आसपास अलाव की व्यवस्था भी नहीं की गई थी। पूरी रात हाड़कंपाती ठंड में ठिठुरने के बाद सुबह करीब पांच बजे से इन युवाओं को मैदान में प्रवेश दिया गया।

Posted By: Inextlive