- बीजेपी बड़े स्तर पर डॉक्टरों का पैनल करेगी तैयार, घर बैठे पेशेंट्स की समस्याओं का होगा समाधान

- बीजेपी अध्यक्ष मदन कौशिक बोले, यह वक्त राजनीति का नहीं, बल्कि लोगों की मदद का

DEHRADUN: बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि कोरोना काल में पार्टी की ओर से 13 जिलों में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। अभी तक 1820 लोगों की समस्याओं को सुना गया। इनमें से 1320 समस्याओं का समाधान किया जा चुका है। पार्टी जल्द ही एक बड़े स्तर पर डॉक्टरों का पैनल तैयार करेगी, जिससे कि पेशेंट्स की समस्याओं का घर बैठे निदान किया जा सके।

ऑक्सीजन की कमी नहीं

थर्सडे को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि सरकार लोगों की समस्याओं के प्रति सजग है। समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों को भी राजनीतिक सोच से अलग सामाजिक कार्य के जरिये जनता का सहयोग करना चाहिए। यह समय मिलकर लोगों की समस्याओं का निदान करने का है। उन्होंने बताया कि बीजेपी के कंट्रोल रूम से 1140 और प्रदेश मुख्यालय से हेल्प सेंटर के माध्यम से 680 समस्याओं को सुना गया। अभी तक कुल 1820 समस्याओं को सुनने के साथ ही 1320 का समाधान किया गया। रणनीति बनाकर जनता को सुविधाएं दिलाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में फिलहाल ऑक्सीजन की कमी नहीं है। वैक्सीनेशन के साथ-साथ सेनेटाइजर और मास्क डिस्ट्रीब्यूशन का कार्य किया जा रहा है। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, विनोद सुयाल, कौस्तुभानंद जोशी, शेखर वर्मा आदि मौजूद रहे।

सीएम को प्रदेश अध्यक्ष ने दिया अपडेट

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने सीएम तीरथ सिंह रावत से भेंट कर कोरोना के खिलाफ संगठन स्तर से किए जा रहे कार्यो को साझा किया। उन्होंने बताया कि भाजपा की ओर से चलाये जा रहे अभियान, जिसमें प्रदेश के अंदर कोई भूखा न रहे के तहत कितने भोजन पैकेट का वितरण किया गया, कितने घरों में राशन पैकेट पहुंचाए गए, कोरोना नियंत्रण के लिए फेसकवर, सेनेटाइजर का वितरण, टीकाकरण अभियान, मेरा बूथ कोरोना मुक्त और बुजुर्ग लोगों की मदद के लिए किए कार्य जारी हैं। उन्होंने प्रदेश में कोरोना संक्रमण के नियंत्रण के लिए किये जा रहे कायरें के लिए सीएम का धन्यवाद किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने सीएम को कोविड पेशेंट्स को हॉस्पिटल ले जाने व कोविड से मृत लोगों को फ्री एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।

Posted By: Inextlive