- सीसीटीवी कैमरे में दिखे बाइक के नंबर और सर्विलांस की मदद से पुलिस बदमाशों तक पहुंची

DEHRADUN: नेहरू कॉलोनी पुलिस ने शहर में हुई चार चेन लूट की वारदातों का खुलासा करते हुए बावरिया गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों से सोने की चार चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की गई है। सीसीटीवी कैमरे में दिखे बाइक के नंबर और सर्विलांस की मदद से पुलिस बदमाशों तक पहुंची।

शामली से किया गिरफ्तार

13 जून से 25 जुलाई के बीच नेहरू कॉलोनी, पटेलनगर और डोईवाला में चेन लूट की चार वारदात हुई थीं। 24 जुलाई को डोईवाला के अठूरवाला में बदमाशों ने अंतिम लूट की थी। यहां से पुलिस को सीसीटीवी फुटेज, बाइक नम्बर और पहले से अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मिली सर्विलांस डिटेल से मदद मिली। डालनवाला सीओ जया बलूनी ने बताया कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष दिलवर सिंह नेगी के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम ने बदमाशों की कुंडली खंगाली तो लोकेशन शामली के झिंझाना की निकली। पुलिस ने यहां दबिश दी तो गुरुवार रात फूल सिंह उर्फ फुल्लू (28)निवासी खानपुर जाटान तथा गुलशन (25) निवासी मस्तगढ़, थाना झिंझाना, शामली को गिरफ्तार किया। दोनों ने चारों घटना को कबूल किया। पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाश बावरिया गिरोह से नाता रखते हैं। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Posted By: Inextlive