- भगवान नारायण के दर्शनों को पहुंचे सर्वाधिक 175 यात्री

GOPESHWAR: चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद धीरे-धीरे प्रदेशभर से चारों धाम पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी होने लगी है। शुक्रवार को कुल 292 यात्रियों ने चारों धाम में दर्शन किए। इनमें से 175 यात्री बदरीनाथ, 69 केदारनाथ, 35 गंगोत्री और 13 यमुनोत्री धाम पहुंचे। इसके अलावा 98 यात्री सोनप्रयाग से केदारनाथ के लिए रवाना हुए।

बदरीनाथ धाम में दिनभर मौसम साफ रहने से शुक्रवार को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग आदि जिलों से 75 और चमोली जिले से सौ यात्री दर्शनों को पहुंचे। दर्शन करने के बाद कुछ यात्री सीधे अपने घरों को रवाना हो गए, जबकि कुछ जोशीमठ, पीपलकोटी आदि पड़ावों पर रुके हुए हैं। बदरीनाथ धाम के धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल ने बताया कि कम भीड़ होने के कारण यात्रियों को आसानी से भगवान बदरी विशाल के दर्शन हो जा रहे हैं।

सोनप्रयाग से केदारनाथ रवाना हुए 98 यात्री

RUDRAPRAYAG: केदारनाथ धाम में शुक्रवार को 69 यात्रियों ने बाबा के दर्शन किए। जबकि, सुबह सात से दोपहर एक बजे तक 121 लोग सोनप्रयाग से केदारनाथ के लिए रवाना हुए। सोनप्रयाग में यात्रा ड्यूटी पर तैनात कानूनगो एमएल अंजवाल ने बताया कि केदारनाथ रवाना होने वालों में तीन तीर्थ पुरोहित, 98 दर्शनार्थी, एक भवन स्वामी और 19 श्रमिक शामिल हैं। बताया कि हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी, टिहरी आदि जिलों से काफी यात्री बाबा के दर्शनों को पहुंच रहे हैं।

गंगोत्री दर्शनों को पहुंचे 35 यात्री

UTTARKASHI: धीरे-धीरे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में भी यात्रियों की आमद होने लगी है। शुक्रवार को 35 यात्रियों ने गंगोत्री धाम में दर्शन किए, जबकि बुधवार को यह संख्या मात्र दस थी। अच्छी बात यह कि पहली बार यमुनोत्री धाम में भी 13 यात्रियों ने देवी यमुना के दर्शन किए। सभी यात्री निजी वाहनों से ही गंगोत्री और जानकीचट्टी पहुंचे। यमुनोत्री के लिए जानकीचट्टी से पांच किमी की दूरी पैदल तय करनी पड़ती है।

ई- पास के लिए 541 ने किया आवेदन

चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड की वेबसाइट www.badrinath-kedarnath.gov.in पर शुक्रवार को 541 लोगों ने ई-पास के लिए आवेदन किया। इसमें बदरीनाथ के लिए लिए 237, केदारनाथ के लिए 221, गंगोत्री के लिए 44 और यमुनोत्री के लिए 39 आवेदन शामिल हैं। बोर्ड के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीडी सिंह ने बताया कि बोर्ड की ओर से एक से तीन जुलाई तक 1563 ई-पास जारी किए जा चुके हैं। पोर्टल प्रभारी संजय चमोली ने बताया कि ई-पास के लिए श्रद्धालु लगातार संपर्क कर रहे हैं।

Posted By: Inextlive