- उत्तराखंड के अन्य जिलों से सिर्फ 73 यात्री चारधाम पहुंचे

- यमुनोत्री दर्शनों को दूसरे दिन भी नहीं पहुंचा कोई यात्री

BADRINATH: उत्तराखंड के लोगों को यात्रा की परमिशन के बावजूद अभी अन्य जिलों से चारधाम पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या बेहद कम है। दूसरे दिन कुल 125 यात्रियों ने बदरीनाथ में दर्शन किए। इनमें सिर्फ 30 यात्री अन्य जिलों से थे। इसी तरह केदारनाथ धाम में दर्शन करने वाले 69 यात्रियों में 44 अन्य जिलों से थे। गंगोत्री धाम में उत्तरकाशी व टिहरी जिले के मात्र दस यात्रियों ने दर्शन किए, जबकि यमुनोत्री धाम में दूसरे दिन भी सन्नाटा पसरा रहा।

बामणी और माणा से सबसे ज्यादा श्रद्धालु

बदरीनाथ धाम में दर्शनों के लिए पहुंचने वालों में बामणी व माणा गांव के लोगों की संख्या ही सर्वाधिक है। दोनों गांव बद्रिकाश्रम क्षेत्र में ही स्थित हैं। गुरुवार को भी चमोली जिले से जो 95 श्रद्धालु दर्शनों को पहुंचे, उनमें ज्यादातर माणा व बामणी के ही थे। देहरादून, ऋषिकेश व कुमाऊं क्षेत्र से महज 30 यात्री ही बदरीनाथ पहुंचे।

69 यात्रियों ने किए बाबा केदार के दर्शन

दूसरे दिन केदारनाथ दर्शनों को पहुंचे 69 यात्रियों में से 44 प्रदेश के अन्य जिलों से थे। थानाध्यक्ष सोनप्रयाग होशियार सिंह पंखोली व कानून-गो एमएल अंजवाल ने बताया कि सुबह सात से दोपहर एक बजे तक 69 यात्री और 14 श्रमिक केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुए। इनमें 25 यात्री रुद्रप्रयाग जिले से थे। जबकि, बुधवार को दर्शनों के लिए गए सभी 70 यात्री वापस लौट आए हैं।

गंगोत्री पहुंचे दस यात्री, यमुनोत्री में सन्नाटा

गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा को लेकर लोगों में अभी भी कोई उत्साह नहीं है। यही वजह है कि गुरुवार को सिर्फ दस यात्री गंगोत्री धाम पहुंचे और वह भी निजी वाहनों से। इनमें छह यात्री उत्तरकाशी और चार टिहरी जिले के हैं। मंदिर परिसर में प्रवेश की अनुमति न होने के कारण सभी ने दूर से ही मां गंगा के दर्शन किए और गंगाजल लेकर वापस लौट आए। जबकि, यमुनोत्री धाम में दूसरे दिन भी एक भी यात्री दर्शनों को नहीं पहुंचा।

देवस्थानम बोर्ड ने जारी किए 600 ई-पास

देहरादून: चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड की की वेबसाइट www.badrinath-kedarnath.gov। in पर गुरुवार को 600 लोगों ने ई-पास बुक कराए। देवस्थानम बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविनाथ रमन ने बताया के इनमें बदरीनाथ के लिए 216, केदारनाथ के लिए 280, गंगोत्री के लिए 56 और यमुनोत्री के लिए 48 पास शामिल हैं। बोर्ड के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीडी सिंह ने बताया बोर्ड की ओर से दो दिन में 1022 ई-पास जारी किए जा चुके हैं।

Posted By: Inextlive