DEHRADUN: कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगी। भाजपा की त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार कोविड-19 समेत तमाम मोर्चों पर नाकाम रही है। आम जनता बदलाव चाहती है।

बेरोजगारी एक बड़ी समस्या

देवेंद्र यादव कांग्रेस का प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार मंगलवार को तीन दिनी दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मीडिया से बातचीत में प्रदेश प्रभारी ने कहा कि सरकार की चार साल की परफॉरमेंस जनता देख चुकी है। जनता में निराशा है। कोरोना संकट से निपटने में सरकार विफल रहीं। अस्पतालों की दुर्दशा है। बेरोजगारी की समस्या विकराल हो चुकी है। सरकार को जनता का दर्द नहीं दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि आम जनता जिस बदलाव को चाहती है, उसके लिए कांग्रेस अच्छा विकल्प है। पहले भी विकास को लेकर पार्टी अच्छा काम कर चुकी है। आम जनता को कांग्रेस से बड़ी उम्मीदें हैं। समाज के हर तबके, जाति व धर्म को लेकर चलने में पार्टी सक्षम है। राज्य के वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ ही ब्लॉक अध्यक्षों से बातचीत के बाद आम वर्कर से भी बात की जाएगी। बदलाव को लेकर उनके दिखाए रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा।

Posted By: Inextlive