-पॉजिटिव केसेज, टेस्टिंग और डेथ के मामलों में एक नंबर पर रहा दून

देहरादून

दून में कोरोना संक्रमण के सात महीने पूरे हो चुके हैं। 15 मार्च को दून में राज्य का पहला कोविड-19 केस दर्ज हुआ था। तब से अब तक दून सभी मामलों में राज्य में सबसे आगे रहा है। सबसे ज्यादा पॉजिटिव केस के मामले में तीन कुछ हफ्ते तक नैनीताल जिला और कुछ हफ्ते हरिद्वार आगे रहे, लेकिन इसके बाद लगातार देहरादून ही आगे रहा।

27 परसेंट पॉजिटिव, 57 परसेंट डेथ

दून में अब तक जितने पॉजिटिव केस सामने आये हैं वे पूरे राज्य के 27 परसेंट हैं, जबकि राज्य में कोविड-19 से होने वाली डेथ में 57 परसेंट डेथ दून में हुई हैं। राज्य में अब तक 58360 पॉजिटिव केस आये हैं, इनमें से 16204 देहरादून में सामने आये। डेथ के मामले में तो देहरादून की स्थिति बेहद चिंताजनक रही। पिछले सात महीनों में लगातार दून में मरने वालों की संख्या बाकी राज्य के 50 प्रतिशत रही। जो अब 57 परसेंट से ज्यादा है। राज्य में अब तक हुई 933 डेथ में से 535 डेथ दून में हुई हैं।

टेस्ट राज्य के केवल 15 परसेंट

शुरुआती दौर दून टेस्टिंग के मामले में भी लगातार सभी जिलों से आगे रहा। लेकिन अब हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के बाद तीसरे नंबर पर है। यह बात अलग है कि इन दोनों जिलों की पॉपुलेशन दून से ज्यादा है। हरिद्वार में अब तक 147538 और यूएस नगर में 143408 टेस्ट हुए हैं। देहरादून में सबसे ज्यादा संक्रमण होने के बावजूद सिर्फ 138124 टेस्ट हुए हैं। यह पूरे राज्य का 15 परसेंट हैं। पॉजिटिव और डेथ के आंकड़ों के हिसाब से टेस्टिंग परसेंटेज चिंताजनक माना जा रहा है।

26 परसेंट रिकवरी, 14 परसेंट निगेटिव

दून में पूरे राज्य के मुकाबले कोरोना के 7 महीनों के दौरान रिकवरी रेट बाकी जिलों की तुलना में बेहतर रहा है। अब तक राज्यभर में रिकवर हुए पेशेंट्स में 26 परसेंट दून के हैं। राज्य में अब तक निगेटिव आये सैंपल में देहरादून का योगदान काफी कम, सिर्फ 14 प्रतिशत है। राज्य में अब तक 51486 पेशेंट रिकवरी हुए हैं, जबकि इसमें दून का योगदान 13774 पेशेंट का है। राज्य में निगेटिव आये 825036 सैंपल में देहरादून के 118472 सैंपल शामिल हैं।

दून में 84 नये पॉजिटिव

मंडे को दून में नये पॉजिटिव केसेज का मामला एक सौ से कम रहा। कुल 84 नये पॉजिटिव केस सामने आये। जबकि 138 पेशेंट रिकवर हुए। जिले में 4 पेशेंट की डेथ हुई। एक डेथ एम्स ऋषिकेश में, दो की कैलाश में हॉस्पिटल में और एक की डेथ महंत इंदिरेश हॉस्पिटल में हुई। दून में अब मरने वालों को आंकड़ा 535 हो गया है। कुल पॉजिटिव केसेज की संख्या 16204 हो गयी है। 13794 पेशेंट रिकवर हो चुके हैं। 1743 एक्टिव केस हैं। मंडे को 1879 सैम्पल टेस्ट के लिए भेजे गये।

दो नये कंटेनमेंट जोन

दून में दो नये कंटेनमेंट जोन बनाये गये हैं। इनमें 215 रक्षा विहार फेज-2 दून व‌र्ल्ड के पीछे रायपुर रोड और सिटी बोर्ड स्कूल वाली गली 23 धर्मपुर शामिल हैं। डीएम ने बताया कि विभिन्न हॉस्पिटल्स में 192 आईसीयू बेड उपलब्ध हैं। आंगनबाड़ी वर्कर्स ने 22027 लोगों का सर्विलांस किया।

राज्य में 336 नये केस

राज्य में मंडे को 336 नये पॉजिटिव केस कंफर्म हुए, जबकि 504 रिकवर हुए। अब कुल पॉजिटिव केस 58360 और कुल रिकवर पेशेंट की संख्या 51486 हो गई है। एक्टिव केसेज की संख्या राज्य में 5527 है। 6 और पेशेंट की डेथ के साथ ही अब मरने वालों की संख्या 933 हो गई है। इंफेक्शन रेट 6.61 और डबलिंग रेट 88.22 दिन है।

Posted By: Inextlive