DEHRADUN: फिक्की लेडीज ऑर्गेनाइजेशन (फ्लो) के उत्तराखंड चैप्टर की नई अध्यक्ष कोमल बत्रा चुनी गई हैं। फिक्की फ्लो ने बुधवार को वर्चुअल चेंज ऑफ गॉर्ड समारोह के माध्यम से कोमल को वर्ष 2021-22 के लिए अध्यक्ष नियुक्त किया। कोमल कैरोस कॉन्शियसनेस की संस्थापक हैं। उनकी संस्था ने अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव ऋषिकेश में आल नाइट गॉन्ग बाथ्स की मेजबानी के लिए दुनिया में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।

महिला सशक्तीकरण के लिए होंगे प्रयास

कोमल बत्रा ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर खुशी जताते हुए कहा कि वह हर स्तर पर महिला सशक्तीकरण के लिए बेहतर काम करने का प्रयास करेंगी। उन्होंने बताया कि फिक्की फ्लो के लक्ष्य की तर्ज पर इस वर्ष की महिला सशक्तीकरण की थीम इकिगाई है। इकिगाई जापानी शब्द है, जिसका अर्थ है 'होने का कारण'। इस थीम से महिलाओं को उनकी अहमियत से वाकिफ करवाया जाएगा। उनके भीतर की संभावनाओं को बाहर लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष फ्लो अपने सदस्यों के साथ समाज के वंचित वर्ग के लिए भी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, पर्यटन, कृषि और एमएसएमई के क्षेत्र में विभिन्न कार्य करेगा। इस दौरान कोमल ने अपनी कोर कमेटी के सदस्यों की घोषणा भी की। जिसमें वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ। नेहा शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ। अनुराधा मल्ला, सचिव तृप्ति बहल, कोषाध्यक्ष स्मृति बत्ता, संयुक्त कोषाध्यक्ष पूनम कुमार चुनी गईं। इसके अलावा निवर्तमान अध्यक्ष किरण भट्ट टोडरिया भी उनकी टीम में शामिल हैं।

Posted By: Inextlive