DEHRADUN: देहरादून में गुरुवार देर रात रिकॉर्ड बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। करीब साढ़े चार घंटे हुई मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ। कई मकानों को क्षति पहुंची है तो कई पानी और बिजली की लाइनें भी टूट गई। यही नहीं पुश्ते ढहने और भू-कटाव से कई मकानों को खतरा पैदा हो गया है।

आफत बनकर आई बारिश

गुरुवार को रात करीब सवा दस बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश दून में आफत बनकर बरसी। सहस्रधारा रोड व रायपुर क्षेत्र में बहुत भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए। शहर में बिजली के तीन पोल क्षतिग्रस्त हो गए। जबकि आधा दर्जन से अधिक पेयजल लाइनों को भी नुकसान पहुंचा। शहर की अधिकतर कॉलोनियों में सड़कें तालाब बन गई और कई घरों में पानी घुस गया। आपदा प्रबंधन केंद्र ने संबंधित विभागों को तड़के ही सूचित कर दिया था। जिसके बाद राज्य आपदा राहत बल की टीम सहित अन्य विभागों की टीमें भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गई।

दून में यहां बरसी आफत

दून के रायपुर अपर और नथुआवाला में भारी बारिश से भू-कटाव, जल भराव और नदियां उफान पर आ गई। नेहरूग्राम, वैष्णव विहार, जाखन के विवेक विहार में जल भराव और भू-कटाव से कई मकानों को खतरा पैदा हो गया। शांति विहार में दीवार तोड़कर पानी घरों में घुस गया। भगत सिंह कॉलोनी में दो बिजली के पोल गिर गए। पटेल नगर में एक पोल और ऋषि विहार सहस्रधारा रोड पर एक पोल गिरने की कगार पर पहुंच गया। इसके अलावा बिंदाल नदी के उफान पर आने से पटेलनगर क्षेत्र में तीन मकानों को नुकसान पहुंचा। देहराखास के वसुंधरा एन्क्लेव में भू-धंसाव से एक मकान को नुकसान पहुंचा। कैनाल रोड पर पुश्ता ढहने और भू-कटाव से करीब 22 मकानों को खतरा बना हुआ है। राजपुर क्षेत्र में भी एक मकान को नुकसान पहुंचने की सूचना है। इधर, रायपुर बस स्टैंड में जल भराव हो गया। जबकि, सपेरा बस्ती में एक कच्चा मकान बरसाती नाले में बह गया। अन्य मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। विष्णु लोक कॉलोनी में बारिश का पानी घरों में घुस गया। इसके अलावा रायपुर, सहस्रधारा और राजपुर क्षेत्र में दर्जनभर पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई हैं। रायपुर क्षेत्र में दुल्हनिया नदी के उफान पर आने से दो परिवार फंस गए थे, जिन्हें एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। साथ ही जाखन में सड़क पर गिरे विशालकाय पेड़ को भी हटा दिया गया है।

Posted By: Inextlive