- पहले दिन 180 यात्रियों ने किए हेली सेवा से बाबा के दर्शन

- इस बार सस्ती सेवाएं हो रही यात्रियों को उपलब्ध

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम के लिए शुक्रवार से हेली सेवा शुरू हो गई। क्रिस्टल एविएशन को छोड़ बाकी सभी 8 हेली कंपनियों के हेलीकॉप्टर ने धाम के लिए उड़ान भरी। पहले दिन 180 यात्री हेली सेवा से केदारनाथ पहुंचे। सेवाएं रोटेशन के आधार पर संचालित हो रही हैं। उम्मीद जताई जा रही कि यात्रा की समाप्ति तक हेली सेवा जारी रहेगी। वहीं, इस बार बीते वर्ष की तुलना में यात्रियों को सस्ती हेली सेवा उपलब्ध हो रही है।

8 हेली कंपनियों को परमिशन

डीजीसीए से सभी नौ हेली कंपनियों को उड़ान की अनुमति मिलने के बाद आठ हेली कंपनियों पवन हंस, प्रभातम, ऐरो एविएशन, पिनैकल, चिप्सन, थंबी एविऐशन, क्रिस्टल व हिमालयन ने सेवा देना शुरू कर दिया है। नवीं हेली कंपनी क्रिस्टन एविएशन के हेलीकॉप्टर भी आज से उड़ान भरने लगेंगे। धाम के लिए नारायणकोटी, शेरसी, सोनप्रयाग, जाखधार व फाटा से हेली सेवा उपलब्ध है। सभी हेली कंपनियों में टिकट की बु¨कग फिलहाल एक सप्ताह तक के लिए फुल है।

इस बार हेली सेवा सस्ती

खास बात यह कि इस वर्ष यात्रियों को सस्ती हेली सेवा उपलब्ध हो रही हैं। गुप्तकाशी से उड़ान भरने वाली हेली सेवा का किराया बीते वर्ष की तुलना में 800 रुपये कम है। जबकि, सोनप्रयाग से उड़ान भरने वाली कंपनियां नौ-नौ सौ रुपये कम ले रही हैं। सहायक नोडल अधिकारी हेली सेवा केएस पंवार ने बताया कि गुप्तकाशी से केदारनाथ के लिए आने-जाने का किराया 7800 रुपये है। जबकि, बीते वर्ष यह 8600 रुपये था। फाटा से आने-जाने का किराया 4660 रुपये और शेरसी से 4600 रुपये है।

2305 यात्रियों ने किए बाबा के दर्शन

केदारनाथ दर्शनों को बड़ी तादाद में यात्री पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को 2305 यात्रियो ने बाबा केदार के दर्शन किए। इनमें 1342 पुरुष, 924 महिला व 39 बच्चे शामिल थे। अब तक इस सीजन में कुल 27120 यात्री बाबा के दर्शनों को पहुंच चुके हैं।

गौरीकुंड में 55 घोड़ा-खच्चर संचालकों के लिए कोविड सैंपल

गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर अहम भूमिका निभाने वाले 55 घोड़ा-खच्चर संचालकों की कोविड जांच के लिए शुक्रवार को सैंपल लिए गए। सभी को तीन दिन के लिए आइसोलेट किया गया है। जिलाधिकारी वंदना सिंह के निर्देश पर गौरीकुंड पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घोड़ा-खच्चर चालकों की कोरोना जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Posted By: Inextlive