- आठ दिन पहले छुट्टी लेकर घर आया था जवान, दोनों के बीच लंबे समय से विवाद की बात आ रही सामने

ROORKEE: आठ दिन पहले छुट्टी पर आए सीआरपीएफ के जवान और उसकी पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों ने मौत हो गई। जवान का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी उसी कमरे में फर्श पर मृत पड़ी थी। दंपती के बीच कुछ समय से विवाद की बात भी सामने आ रही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है।

पुलिस ने शव कब्जे में लिए, जांच शुरू

झबरेड़ी गांव में छत्तीसगढ़ में तैनात सीआरपीएफ जवान सर्विस कुमार (35) पत्‍‌नी मोनी (28) और आठ साल के बेटे शौर्य के साथ रहता है। वह आठ दिन पहले छुट्टी आया था। गुरुवार को उसने परिजनों को फोन करके अपने घर बुलाया, कहा कि वह उसका पत्‍‌नी के साथ विवाद सुलटा दें। कुछ देर बाद परिजन वहां पहुंचे तो सर्विस कुमार का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका था, जबकि फर्श पर उसकी पत्‍‌नी मृत पड़ी थी। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव कब्जे में ले लिए। सिविललाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पड़ताल में पता चला कि दंपती के बीच विवाद चल रहा था। आत्महत्या या किसी अन्य वजह से उनकी मौत हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस को मौके से मिला नोट

इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को मौके से एक नोट मिला है। जिसमें उनके जीवन में हस्तक्षेप को विवाद की वजह बताया गया। इस नोट में यह भी उल्लेख है कि जीते जी तो उन्हें साथ नहीं रहने दिया, लेकिन ऊपर जाकर साथ रहेंगे। कोई इसके लिए जिम्मेदार नहीं है। मौत के बाद उनके बेटे शौर्य को दादा-दादी के पास भेज दिया जाए। सारी संपती शौर्य के नाम कर दी जाए।

Posted By: Inextlive