- हरिद्वार बाईपास पर बेतरतीब बे्रकर्स रोक रहे सिटी की रफ्तार

- एक किमी के दायरे में 6 जगह लगाये गये हैं ब्रेकर

- ब्रेकर्स के पास इंडीकेटर न होने से हादसों का खतरा

देहरादून,

शहर के बीचों-बीच से गुजर रहे हरिद्वार बाईपास पर बेतरतीब तरीके से बनाये गये स्पीड ब्रेकर आधे शहर की रफ्तार रोक रहे हैं। सबसे व्यस्त इस हाईवे पर बने ये स्पीड ब्रेकर्स यहां से गुजरने वालों को परेशान कर रहे हैं और ये खतरे का कारण भी बन रहे हैं।

एक किमी में 5 जगह ब्रेकर

कारगी चौक से रिस्पना पुल की ओर जाते हुए 5 जगहों पर स्पीड ब्रेकर बनाये गये हैं और इन जगहों पर असामान्य रूप से स्पीड ब्रेकर की 10-10 स्ट्रिप लगाई गई हैं। इससे यहां से गुजरते हुए स्पीड कम करने के बावजूद व्हीकल्स बुरी तरह से अनकंट्रोल हो जाते हैं। इससे इन व्हीकल्स पर सवार लोगों को परेशानी होती है।

बीमारों को ज्यादा दिक्कत

इस रोड से दिन भर एंबुलेंस का भी आना जाना लगा है। एक किमी के दायरे में 5 जगह 10-10 स्ट्रिप वाले स्पीड ब्रेकर होने से एंबुलेंस में ले जाए जा रहे पेशेंट की परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती है। अन्य वाहनों में सवार लोगों को भी स्लिप डिस्क जैसी समस्या होने की संभावना बनी रहती है।

दुर्घटना का भी खतरा

इन स्पीड ब्रेकर्स के साथ सबसे खतरनाक यह है कि इन स्पीड ब्रेकर के किसी तरह इंडिकेटर अथवा जेब्रा क्रॉसिंग तक नहीं बनाया गया है। रोज यहां से गुजरने वालों को स्पीड ब्रेकर याद रहते हैं, लेकिन कोई अनजान ड्राइवर यहां से गुजरता है तो उसे स्पीड ब्रेकर का पता तभी चल पता है, जब व्हीकल ब्रेकर पर चढ़ जाती है। ऐसे में एक तरफ जहां व्हीकल को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है, वहीं दूसरी ओर एक्सीडेंट का खतरा बना रहता है।

क्या है नियम

- हाईवे पर कुछ खास परिस्थितियों में ही स्पीड ब्रेकर लगाये जा सकते हैं।

- स्पीड ब्रेकर वैज्ञानिक तरीके से ही लगाये जाने चाहिए।

- इससे व्हीकल या उसमें सवार लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

- स्पीड ब्रेकर ज्यादा ऊंचे नहीं होने चाहिए। इन्हें ब्लैक स्पॉट या क्रॉसिंग पर लगाया जा सकता है।

- ड्राइवर को दूर से ही स्पीड ब्रेकर होने की जानकारी मिल जाए, ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए।

-----

कुछ परिस्थियों में हाईवे पर स्पीड ब्रेकर लगाये जा सकते हैं। इसके लिए रोड बनाने वाला मैटेरियल या प्लास्टिक की स्ट्रिप इस्तेमाल की जा सकती हैं। ब्रेकर आने से पहले सूचना होनी चाहिए या स्पीड ब्रेकर पर सफेद पट्टियां बनाई जानी चाहिए।

ओपी सिंह, ईई, एनएच

Posted By: Inextlive