भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा चार दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन पहुंचे देहरादून

कार्यकर्ताओं, प्रबुद्ध और सीनियर नेताओं के साथ देर रात तक करते रहे मीटिंग

देहरादून,

सैटरडे को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चार दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन देहरादून पहुंचे। बीजापुर गेस्ट हाउस में 'विचारधारा, राजनीतिक दृष्टिकोण एवं दिशा और बूथ के कार्यक्रम' विषय पर परिचर्चा के दौरान नड्डा ने कहा कि देश में आने वाले दिनों में भी सभी दल भाजपा के खिलाफ एकजुट होंगे। हमें इन्हें परास्त करने के लिए इसी हिसाब से खुद को तैयार करना होगा.उन्होंने नाम लिए बगैर कहा कि दूसरे दलों का हाल ये है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते देश के विरोध तक में उतर आए हैं.भाजपा को छोड़ बाकी दलों को देश की चिंता नहीं है.ऐसे में देश के लिए भाजपा और मोदी का सशक्त होना जरूरी है। इसलिए हमें अपना दायरा और अधिक बढ़ाना है।

अन्य दल विचारशून्य

परिचर्चा भाजपा के पदाधिकारियों, मुख्यमंत्री, सांसदों, विधायकों और मोर्चा अध्यक्षों के साथ हुई.इस मौके पर नड्डा ने कहा कि भाजपा की पूंजी उसका विचार है, जबकि अन्य दल विचारशून्य हैं। इसीलिए भाजपा निरंतर आगे बढ़ती चली गई.भाजपा से जो भी कार्यकत्र्ता जिस तरीके से भी जुड़ा है, वह एकदम सही जगह है। सूत्रों के अनुसार उन्होंने कहा कि हमारा मंत्र प्रखर राष्ट्रवाद है। पार्टी के लिए पहले देश, फिर दल और इसके बाद व्यक्ति है। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने देश को डुबोया, उसके लोग पूछते हैं कि हमारी आर्थिक नीति क्या है। उन्होंने कहा कि हमारा आर्थिक दर्शन मजबूत है। एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को सशक्त बनाने पर भाजपा का फोकस है। प्रधानमंत्री मोदी की जितनी भी योजनाएं हैं, वह अंत्योदय के सिद्धांत से प्रेरित हैं। इस कड़ी में उन्होंने आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, जन-धन खाते, किसान सम्मान निधि समेत अन्य योजनाओं का उल्लेख किया। कोरोनाकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व में दुनिया के सक्षम देश ये तय नहीं कर पा रहे थे कि कोरोना से निबटने को लाइन आफ एक्शन क्या होगा। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप को कोविड मैनेजमेंट को लेकर मार सहनी पड़ी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में सही समय पर लॉकडाउन का फैसला लिया.अर्थव्यवस्था को संवारने को आत्मनिर्भर भारत योजना शुरू की।

जनता बार-बार भाजपा को आशीर्वाद देने को तैयार

उन्होंने कहा कि देश की जनता बार-बार भाजपा को आशीर्वाद देने को तैयार है.केरल, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों में कमल प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर खिला है। उन्होंने कहा कि बहुत सी सियासी शक्तियां प्रधानमंत्री मोदी व देश के खिलाफ काम कर रही हैं। कुछ अंतर्राष्ट्रीय शक्तियां भी सक्रिय हैं.आगामी चुनावों में भी ये शक्तियां भाजपा के खिलाफ एकजुट होंगी। लिहाजा, इन्हें शिकस्त देने के लिए हमें अपनी ताकत और दायरा दोनों ही बढ़ाने हैं.उन्होंने बूथ स्तर पर पार्टी संगठन की और अधिक मजबूती पर बल दिया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि 2017 की भांति 2022 के विस चुनाव में भी भाजपा इतिहास रचेगी.इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दून में पार्टी के आंबेडकरनगर मंडल की बैठक, प्रबुद्ध सम्मेलन, दायित्वधारी, जिला पंचायत व सहकारी बैंकों के अध्यक्षों के साथ बैठकें लीं। देर शाम को उन्होंने मुख्यमंत्री के अलावा भाजपा के प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष व महामंत्री संगठन से अलग-अलग बैठक की.इससे पहले, सुबह हरिद्वार से देहरादून पहुंचने के दौरान पार्टी कार्यकत्र्ताओं ने जगह-जगह मानव श्रृंखला बनाकर उनका स्वागत किया।

कार्यकर्ताओं के उत्साह को देख वाहन से बाहर निकले नड्डा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का माजरीग्रांट, भानियावाला, डोईवाला, देहरादून मार्ग पर जगह-जगह कार्यकत्र्ताओं द्वारा करीब 20 किलोमीटर लंबे मुख्य मार्ग पर उत्तराखंड की संस्कृति गाजे-बाजे पुष्प वर्षा नारेबाजी के बीच अभूतपूर्व स्वागत किया गया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के जबरदस्त उत्साह को देखते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा डोईवाला मुख्य मार्ग पर कई जगह अपने वाहन से उतर कर कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते नजर भी आए। कई किलोमीटर पैदल मार्ग पर महिलाएं व भाजपा कार्यकर्ता पुष्प वर्षा के साथ गुब्बारे लेकर भी उनका अभिवादन करते दिखाई दी।

सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने भी चाक-चौबंद इंतजाम किए। इस दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही।

Posted By: Inextlive