जनरल बिपिन रावत ने परिजनों के साथ बद्रीनाथ और गंगोत्री धाम पहुंच कर दर्शन-पूजन किया।

देहरादून (ब्यूरो)। थल सेना अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत ने परिजनों के साथ भगवान बद्री विशाल की पूजा अर्चना की। उन्होंने देश की सुख समृद्धि की कामना की। मंदिर में सेनाध्यक्ष के आग्रह पर भगवान बद्री विशाल के समक्ष धर्माचार्यों ने राष्ट्रीय वंदना का गायन किया। दोपहर में सेना प्रमुख गंगोत्री धाम पहुंचे और मां गंगा के दर्शन किए।

सेनाध्यक्ष ने की सुख-समृद्धि की कामना

थर्सडे को सेना प्रमुख सुबह नौ बजे सेना के विशेष विमान ये बद्रीनाथ मंदिर पहुंचे। साकेत तिराहे पहुंचने पर मंदिर समिति व प्रशासन के अलावा स्थानीय लोगों ने गाजे-बाजों के साथ उनका स्वागत किया। सेना प्रमुख ने परिजनों के साथ भगवान बद्री विशाल की पूजा अर्चना की। इस दौरान मंदिर समिति के धर्माधिकारी भुवन उनियाल व वेदपाठियों ने सेनाध्यक्ष के निवेदन पर भगवान के समक्ष राष्ट्रीय वंदना भी की।

एमआइ-17 हेलीकॉप्टर से हर्षिल हेलीपैड पर उतरे

राष्ट्रीय वंदना के माध्यम से सेनाध्यक्ष ने देश की सुख-समृद्धि की कामना की। बद्रीनाथ धाम के दर्शन करने के बाद थल सेना प्रमुख जनरल बिपिन एमआइ-17 हेलीकॉप्टर से हर्षिल हेलीपैड पर उतरे और परिवार के साथ दोपहर साढ़े बारह बजे गंगोत्री धाम पहुंचे। गंगोत्री में गंगोत्री मंदिर समिति तथा अन्य तीर्थ पुरोहितों ने सेना प्रमुख बिपिन रावत व उनके परिवार का स्वागत किया। गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश सेमवाल व सहसचिव राजेश सेमवाल ने गंगा किनारे सेना प्रमुख व उनकी धर्मपत्नी के हाथों पूजन अनुष्ठान संपन्न कराया।

हर्षिल आर्मी कैंप में रात्रि विश्राम

इस दौरान गंगा घाट पर उन्होंने पितृ तर्पण भी किया। इसके बाद गंगोत्री मंदिर में दर्शन कर मां गंगा का महाभिषेक, गंगा आरती व गंगा जी की चरण पादुका का अभिषेक भी किया। गंगोत्री मंदिर समिति ने सेना प्रमुख को गंगाजली और प्रसाद भेंट किया। इसके बाद सेना प्रमुख ने हर्षिल आर्मी कैंप में रात्रि विश्राम किया।
dehradun@inext.co.in

Posted By: Inextlive