- दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड में हैं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा

- रायवाला में किया पूर्व सैनिकों से संवाद और दिया सम्मान

ऋषिकेश,

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश मजबूत हाथों में है और अब सुरक्षा में लगे सैनिको को दुश्मनों की गोलाबारी का जवाब देने के लिए सरकार से अनुमति की जरूरत नहीं पड़ती। फौज का मनोबल कई गुना बढ़ा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सैनिकों का दर्द समझती है। यही वजह है कि सैनिकों और पूर्व सैनिकों के हित में कई योजनाएं शुरू की गई हैं।

सम्मान समारोह में की शिरकत

शनिवार को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन रायवाला में पूर्व सैनिकों से संवाद और सम्मान समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कहा कि दीपावली हर कोई अपने घर में अपने माता-पिता, अपने भाईयों व अपने बच्चों के साथ मनाना चाहता है, लेकिन देश के प्रधानमंत्री हर वर्ष सीमा पर सेना के जवानों के साथ दीपावली मनाते हैं। उन्होंने कहा सीमा पर मोदी सरकार ने 73 आल वेदर रोड बनाई हैं। मेक इन इंडिया के तहत बुलेट प्रूफ जैकेट भारत में बन रही हैं। मोदी सरकार ने रक्षा सौदों में दलाली पूरी तरह से खत्म की है। वन रैंक वन पेंशन की मांग वर्ष 1972 से थी लेकिन इस पर ध्यान सिर्फ मोदी सरकार ने दिया, क्योंकि वह एक सैनिक का दर्द समझते है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देव भूमि के साथ वीर भूमि भी है। पूरा देश उत्तराखंड को सम्मान से देखता है।

हमें अपनी सेना पर गर्व है

पूर्व सैनिक संगठन की ओर से जेपी नड्डा व अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह दिए गए। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड में कोई भी कार्यक्रम पूर्व सैनिकों के बिना अधूरा है। उत्तराखंड देश का ऐसा राज्य है जिसके हर गांव का व्यक्ति भारतीय सेना में है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड को सैन्य धाम बनाने पर हर्ष जताते हुए कहा कि हमें अपने देश की सेना पर गर्व है। वहीं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा जैसा अनुशासन फौज में होता है वैसा ही भाजपा में होता है। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने किया।

इनको किया सम्मानित

कार्यक्रम में जसवंत सिंह रावत (मरणोपरांत महावीर चक्र), हवलदार गजेंद्र सिंह रावत (मरणोपरांत अशोक चक्र), हवलदार बहादुर सिंह (मरणोपरांत अशोक चक्र), राइफल मैन संजय शाही (कीर्ति चक्र), राइफल मैन चंद्र किशोर (सेना मैडल), सूबेदार प्रदीप थापा (सेना मैडल), लांस नायक विनोद सिंह (सेना मेडल) और नायक सूबेदार रघुवीर सिंह (सेना मैडल) के स्वजनों को शाल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

Posted By: Inextlive