- नदियों का जलस्तर बढ़ने के चलते लिया गया निर्णय

- इस बार समय से पहले ही लगा दिया गया है प्रतिबंध

DOIWALA: वन विकास निगम द्वारा आबंटित सभी खनिज लॉटों पर शुक्रवार से उप खनिजों का चुगान कार्य पूरी तरह से बंद करा दिया गया है। बारिश के चलते नदियों के जलस्तर बढ़ने को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस साल समय से पहले ही उपखनिजों का उठान कार्य बंद कराया गया है। इस निर्णय के बाद अधिकारी भी उठान लॉटों में सतर्क नजर आ रहे हैं।

तीन महीने के लिए प्रतिबंध

पर्वतीय इलाकों में हो रही लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। जलस्तर बढ़ने के कारण इस वर्ष शासन-प्रशासन ने समय से पहले ही सौंग, जाखन में आबंटित लॉटों में उप खनिज उठान पर प्रतिबंध लगा दिया है। शुक्रवार को खनिज विभाग के मणीराम लखेड़ा, मुकेश चौहान ने जिला प्रशासन से मिले आदेश की कॉपी लेकर रानीपोखरी, कालूवाला घाट पर जाकर खनिज उठान के कार्य को बंद कराया। डोईवाला धर्मूचक वनवाह घाट प्रभारी शैलेंद्र भट्ट ने बताया कि नकरौंदा, कालूवाला, माजरी, जाखन, बक्सरवाला आदि सभी खनिज लॉटों पर उप खनिज उठान बंद करने के आदेश दिये हैं। शुक्रवार के बाद अब नदियों में अगले आदेश तक उप खनिजों के उठान पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। एसडीएम शालिनी नेगी ने बताया कि तीन महीने के लिए नदियों में उप खनिज उठान पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।

--------------

देहरादून में वन विकास निगम के आवंटित लॉटों में फ्0 सितंबर तक उप खनिज उठान प्रतिबंध करने के आदेश जारी हो चुके हैं। सभी लॉटों में खनिज उठान बंद कर दिया गया है। एक अक्टूबर से नदियों में खनिज उठान जारी होगा। बरसात को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।

- मुकेश शर्मा, डीएलएम, वन विकास निगम देहरादून

Posted By: Inextlive