सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मंडे को पुलिस लाइन मैदान में नेशनल स्पोट्र्स डे पर आयोजित कार्यक्रम में 'मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना' का आगाज किया। इस अवसर पर सीएम ने प्र्रदेश के खिलाडिय़ों के उन्नयन के लिए कई घोषणाओं का ऐलान किया। कहा खेल विभाग के तहत खेल प्रशिक्षकों की कमी को देखते हुए हर जिले के लिए 8-8 विभागीय खेल प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी।

देहरादून, ब्यूरो:
सीएम ने कहा कि खिलाडिय़ों को त्वरित नियमानुसार वित्तीय लाभ दिये जाने के लिए मुख्यमंत्री खेल विकास निधि की स्थापना की जायेगी। इसके साथ ही खेल विभाग उत्तराखंड के कॉन्ट्रेक्ट प्रशिक्षकों को भारतीय खेल प्राधिकरण के कॉन्ट्रेक्ट प्रशिक्षकों को देय मानदेय के अनुसार मानदेय में वृद्धि की जायेगी। मलखंब खेल को भी खेल नीति में शामिल किया जायेगा। पूर्व की भांति राज्याधीन सेवाओं में कुशल खिलाडिय़ों को 4 परसेंट आरक्षण फिर लागू किये जाने का प्रयास किया जायेगा।

मेजर ध्यानचंद ने बनाई थी भारत की पहचान
सीएम ने कहा कि आज मेजर ध्यानचंद जी का जन्मदिन है और आज के दिन हम प्रदेश में सीएम उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना शुरू हो रही है। इसके लिये आज से बेहतर दिन हो ही नहीं सकता था। मेजर ध्यानचंद ने खेल की दुनिया में भारत को एक पहचान दिलाई थी, वो भी उस समय जब भारत में स्पोट्र्स का इंफ्रास्ट्रक्चर इतना नहीं था, खिलाडिय़ों को सुविधाएं नाम मात्र की थीं।


सीएम बोले--
-कुछ समय पहले राज्य के प्रतिभाशाली उभरते खिलाडिय़ों के लिए खेल छात्रवृत्ति देने का लिया था निर्णय
-उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना में 8 से 14 वर्ष के उभरते खिलाड़ी शामिल।
-चयनित खिलाडिय़ों को 1500 रुपए प्रतिमाह की दी जाएगी खेल छात्रवृत्ति
-कुल 3900 उभरते खिलाडिय़ों को मिल सकेगा इसका लाभ।
-इसमें 1950 बालक व 1950 बालिकाएं हैं शामिल।

दिव्यांग खिलाडिय़ों को भी समान अधिकार
सीएम ने कहा कि राज्य में खिलाडिय़ों को खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करने, भविष्य में उत्तराखंड राज्य को खेल क्षेत्र में अग्रणी पंक्ति में स्थापित किये जाने के उद्देश्य से खेल नीति- 2021 लागू की गई। खेल नीति में खिलाडिय़ों को नेशनल व इंटरनेशनल लेवल पर पदक अर्जित करने पर पूर्व में देय नकद पुरस्कार धनराशि से करीब 100 परसेंट की वृद्धि की गई है। इस लिहाज से प्रशिक्षकों के लिए भी धनराशि में वृद्धि की गई। दिव्यांगजन खिलाडिय़ों को भी सामान्य खिलाडिय़ों की तर्ज पर समान अधिकार प्रदान किया गया है।

कई पुरस्कार किए जा रहे प्रदान
सीएम ने कहा कि राज्य खेल पुरस्कार, देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न, देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कारों के साथ ही हिमालय रत्न खेल पुरस्कार भी प्रदान किया जा रहा है। खिलाडिय़ों को सरकारी नौकरी प्रदान किये जाने की आउट ऑफ टर्न नियुक्ति की व्यवस्था की गई है। विवि में प्रोफेशनल कोर्सेस में प्रवेश के लिए 5 परसेंट स्पोट्र्स कोटा निर्धारित है। खिलाडिय़ों का राज्य परिवहन बसों में फ्री जर्नी की व्यवस्था भी है। स्पोट्र्स हॉस्टल में दैनिक भत्ता 175 से बढ़ाकर 225 रुपए प्रति छात्र किया गया है। सीएम ने कहा कि पीएम के नेतृत्व में नये भारत, शक्तिशाली भारत, गौरवशाली भारत का निर्माण हो रहा है। खेलो इंडिया कार्यक्रम इसी सोच का उदाहरण है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खेल के क्षेत्र में खिलाडिय़ों का बेहतर भविष्य हो, राज्य की नई खेल नीति में हर सुविधाएं दी गई हैं। खेल मंत्री ने आने वाले समय में खेल महाकुंभ का आयोजन किए जाने की भी बात कही।

स्पोट्र्स डे पर क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन
स्पोट्र्स डे पर देवभूमि मास्टर्स एथलेटिक्स एंड स्पोर्टस डेवलेपमेंट एसोसिएशन की ओर से परेड ग्राउंड में क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। जिसमें तमाम एज ग्रुप के महिला व पुरूष धावकों ने पार्टिसिपेट किया। पुरुष वर्ग में 18 प्लस में हर्ष वीर प्रथम, 35 प्लस वर्ष आयु वर्ग में प्रभुजोत सिंह प्रथम, 45 प्लस वर्ष आयु वर्ग में दीपक बौठियाल प्रथम, 55 प्लस में शशि दिवाकर प्रथम और 65 प्लस आयु वर्ग में सतीश चन्द चौहान प्रथम स्थान पर रहे। ऐसे ही महिला 65 प्लस आयु वर्ग में मंजीत शर्मा प्रथम, 35 प्लस में अल्का जगदीश प्रथम, 18 प्लस में तनुश्री चौहान प्रथम स्थान पर रही। सभी विनर्स को ट्रॉफी व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Posted By: Inextlive