- 5 अगस्त को राम मंदिर भूमि पूजन की तैयारियों में जुटा दून उद्योग व्यापार मंडल

- कोर कमेटी की बैठक में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णय

DEHRADUN: आगामी 5 अगस्त को पीएम नरेन्द्र मोदी अयोध्या में रामजन्मभूमि शिलान्यास की आधारशिला रखेंगे। इसको लेकर दून उद्योग व्यापार मंडल ने भी समर्थन किया है। बैठक में तय किया गया है कि दून व्यापार मंडल से जुड़ी सभी इकाईयां इस दिन व क्षण को ऐतिहासिक बताते हुए महोत्सव के तौर पर मनाएंगे।

घरों में दीपक व मिठाई वितरण्ा की अपील

मंडे को दून उद्योग व्यापार मंडल की कोर बैठक हुई। जिसमें सभी व्यापारियों से यह अपील की गई कि वे अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर भगवा झंडा लहराएं। कम से कम 5 दीपक अवश्य जलायें और मिठाई वितरण करें। व्यापारियों ने यह भी निर्णय लिया कि इस दिन को महोत्सव के तौर पर मनाया जाएगा। बैठक में दून उद्योग व्यापार मण्डल के संरक्षक अनिल गोयल ने कहा कि श्रीराम मन्दिर के निर्माण के लिए भूमि पूजन होने से राम भक्तों के मन में खासा उत्साह है। वहीं, दून उद्योग व्यापार मण्डल के अध्यक्ष विपिन नागलिया ने कहा कि पूरा दून का व्यापारी वर्ग 5 अगस्त को भूमि पूजन से गदगद है। व्यापारियों ने सुप्रीम कोर्ट का आभार जताते हुए कहा कि कोर्ट का यह फैसला सर्वोपरि है। कार्यकारी अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि यह हम सबके लिए बेहतर गौरव की बात है। महामंत्री सुनील मैंसोन ने कहा कि भगवान राम हमेशा मर्यादाओं में रहे हैं, इसलिए उन्हें मर्यादा पुरूषोत्तम कहा जाता है।

::ऐसे होंगे कार्यक्रम::

- दर्शनी गेट, बाबूगंज व्यापार मंडल झंडे, पटाखों की आतिशबाजी करेगा।

- बाबूगंज व्यापार मंडल ही सवा मन लड्डू का भी करेगा वितरण।

- हाथीबड़कला व्यापार मंडल 501 दिए जलाकर शिलान्यास के वक्त करेगा आतिशबाजी।

- नारियल फोड़े जाएंगे, प्रसाद वितरण के साथ ढोल नगाड़ों की थाप के साथ अबीर गुलाल उड़ेगा।

- प्रेमनगर व्यापार मंडल की ओर से बाजार लाइट व दियों से सजाया जाएगा।

- आतिशबाजी के साथ दीवाली का माहौल रहेगा।

- हनुमान चौक पीपल मंडी व्यापार मंडल की ओर से मंदिर पर दीप प्रज्जवलन व जश्न।

- बंजारावाला व्यापार मंडल ने भी मिष्ठान वितरण, दीप बम जलाने का कार्यक्रम तय।

- तिलक रोड व्यापार मंडल में हलवा वितरण व बिग स्क्रीन के जरिए होगा लाइव टेलीकास्ट।

- राजा रोड व्यापार मंडल दीपमाला व मिष्ठान वितरण का कार्यक्रम।

- पोस्ट ऑफिस रोड क्लेमेंटटाउन व्यापार मंडल की ओर से होगा मिष्ठान वितरण व पूजा अर्चना।

- व्यापार मंडल राजा रोड की ओर से दुकानों में कैंडल जलाई जाएंगी, मिष्ठान वितरण होगा।

- धर्मपुर व्यापार मंडल की ओर से दिए जलाने व प्रसाद वितरण किए जाने का कार्यक्रम।

- बाबूगंज व्यापार मण्डल दिये जलाने के साथ लड्डू वितरण करेगा।

- पलटन बाजार, जंगलम शिवालय की ओर से लड्डू वितरित किए जाएंगे।

व्यापारियों से किया जाएगा संपर्क

दून उद्योग व्यापार मंडल की ओर से बैठक में तय किया गया है कि व्यापार मंडल के कार्यकर्ता दूसरे संगठनों से संपर्क करके पूरे जिले में करीब 50 स्थानों पर उत्सव मनाए जाने के लिए संपर्क करेंगे। दून उद्योग व्यापार मंडल ने अपने सभी व्यापारी और सहयोगी संगठनों से यह भी अपील की कि इस अवसर पर कोरोना के खतरे को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का भी ख्याल रखा जाएगा। बैठक में मीडिया प्रभारी कुंवर पियूष मौर्य, देवेंद्र ढल्ला, विजय कोहली, राजेश बडोनी आदि मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive