- संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में उत्तराखंड के होनहारों ने किया शानदार प्रदर्शन

- रामनगर निवासी शुभम बंसल ने ऑल इंडिया में हासिल किया 43वां स्थान, देहरादून की विशाखा डबराल ने 134वां स्थान पाया

DEHRADUN: संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में उत्तराखंड के होनहारों ने शानदार प्रदर्शन किया है। रामनगर निवासी शुभम बंसल ने ऑल इंडिया 43वां स्थान हासिल किया है। देहरादून की विशाखा डबराल ने 134वां स्थान पाया है। विशाखा वर्तमान में आईपीएस का प्रशिक्षण ले रही हैं।

सिविल सेवा परीक्षा-2019 का फाइनल रिजल्ट जारी

संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा-2019 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। दून की विशाखा डबराल ने ऑल इंडिया 134वां स्थान पाया है। यह दूसरा मौका है, जब उन्हें सिविल सेवा परीक्षा में कामयाबी मिली है। वह अभी आईपीएस का प्रशिक्षण ले रही हैं। रुड़की के ओजस्वी राज ने 227वीं और डीएवी पीजी कॉलेज से एलएलबी कर रहीं प्रियंका ने 257वां स्थान प्राप्त किया है। दून निवासी मुकुल जमलोकी ने 260वां स्थान हासिल किया है। मुकुल इंडियन पोस्टल सíवस का प्रशिक्षण ले रहे हैं। गोपेश्वर के रहने वाले प्रशांत की 397वां स्थान पाया है। बाजपुर, ऊधमसिंहनगर के ऋजुल ने भी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त की। उन्हें 702वां स्थान मिला है। जनजातीय क्षेत्र जौनसार बावर की बेटियों ने भी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की है। नेवी गांव निवासी सृष्टि ने 734वां और भवाली निवासी अमित दत्त ने 761वां स्थान पाया है। त्यूणी तहसील अंतर्गत देवाघार खत के मेघाटू गांव निवासी श्रुति शर्मा ने 775वां स्थान हासिल किया है।

किसान की बेटी ने किया कमाल

डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून की एलएलबी सिक्स सेमेस्टर की छात्रा प्रियंका ने सिविल सर्विस एग्जाम में 257 वीं रैंक लाकर डीएवी पीजी कॉलेज के साथ पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया। एक मध्यम परिवार के किसान पिता की पुत्री ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को दिया। उन्होंने हिंदी माध्यम से सेल्फ स्टडी के माध्यम से इस सफलता को प्राप्त किया है। प्रियंका एक भाई तीन बहनों में सबसे बड़ी है। प्रियंका के पिता दीवान राम एक किसान हैं और मां विमला देवी एक ग्रहणी हैं। शुरू से ही सरकारी स्कूल में शिक्षा प्राप्त करके उन्होंने गोपेश्वर राजकीय महाविद्यालय से स्नातक की डिग्री ली। वर्तमान में वे डीएवी पीजी कॉलेज की एलएलबी सिक्स सेमेस्टर की छात्रा है।

प्रशांत ने पाई 397वीं रैंक, दादा का सपना हुआ पूरा

चमोली जिले के विकासखंड पोखरी के खाल बजेठा गांव निवासी प्रशांत बादल नेगी ने यूपीएससी परीक्षा में 397 वां स्थान प्राप्त किया है। प्रशांत के पिता हरेंद्र सिंह नेगी गोपेश्वर में व्यवसायी हैं और उनकी माता पूनम नेगी गृहिणी है। उन्होंने बताया कि प्रशांत उनके इकलौते पुत्र हैं। यूपीएससी की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर प्रशांत ने चमोली का गौरव बढ़ाया है। यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में सफलता का परचम लहराकर प्रशांत बादल नेगी ने अपने दादा बाग सिंह नेगी का सपना पूरा किया। गांव में सड़क निर्माण को लेकर एक बार चमोली जिले के तत्कालीन डीएम से मिले दादा ने मन में ठान लिया था कि अपने पोते को भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। नेट क्वालिफाई कर चुके प्रशांत के सामने विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्य करने का विकल्प था, लेकिन दादा का वचन नहीं भूले और लगातार तैयारी कर पांचवीं बार में सफलता प्राप्त की।

Posted By: Inextlive