- सीनियर आईपीएस अनिल कुमार रतूड़ी सोमवार को डीजीपी के पद से हुए रिटायर

DEHRADUN: वरिष्ठ आईपीएस अनिल कुमार रतूड़ी सोमवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के पद से रिटायर हो गए। उन्हें भव्य रैतिक परेड से विदाई दी गई। इस दौरान पुलिस की विशेष टुकडि़यों ने उन्हें सलामी दी। अब प्रदेश में पुलिस महानिदेशक का पद अशोक कुमार संभालेंगे। अभी तक वह पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था का कामकाज संभाल रहे थे।

उत्तराखंड पुलिस को नजदीक से देखा

विदाई समारोह में अपने संबोधन के दौरान अनिल कुमार रतूड़ी ने इस सम्मान के लिए नए पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र अभिनव कुमार और उप महानिरीक्षक अरुण मोहन जोशी का विशेष तौर पर धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक के पद पर रहते हुए खासतौर से उत्तराखंड पुलिस को नजदीक से देखने का अवसर मिला। मुझे खुशी है कि आज उत्तराखंड पुलिस की गिनती देश की सभ्य पुलिसों में होती है। यह हमारे पुलिसकर्मियों की मेहनत की बदौलत है। जो अल्प वेतन के बावजूद इतनी कठिन व चुनौतीपूर्ण ड्यूटी का ईमानदारी से निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पुलिस में जो सिपाही हैं, वो देश के सबसे विवेकशील, अनुशासित व कर्मठ सिपाहियों में से हैं। हमारे पुलिसकर्मी बहुत शालीन, सभ्य, मानवीय और प्रोफेशनल हैं। वहीं, नए पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस की स्थापना और विकास में पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूड़ी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उत्तराखंड पुलिस की 20 साल की विकास यात्रा के साक्षी रहे अनिल कुमार रतूड़ी का नाम उत्तराखंड पुलिस के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। उनके नेतृत्व में उत्तराखंड पुलिस ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, पुलिस महानिदेशक हरियाणा मनोज यादव, राज्य सूचना आयुक्त जेडी ममगाईं, रिटायर्ड पुलिस महानिदेशक राम सिंह मीणा, अपर पुलिस महानिदेशक सीबीसीआईडी पीवीके प्रसाद आदि मौजूद रहे।

इन्होंने किया परेड का नेतृत्व

परेड का नेतृत्व सहायक पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, पुलिस उपाधीक्षक नगर शेखर सुयाल और पुलिस उपाधीक्षक नेहरू कॉलोनी पल्लवी त्यागी ने किया। परेड में उत्तराखंड पुलिस की विभिन्न शाखाओं ट्रैफिकपुलिस, नागरिक पुलिस, पीएसी, महिला पीएसी, कमांडो, एटीएस की टुकडि़यां मौजूद रहीं।

Posted By: Inextlive