-सीएम से लेकर मेयर तक कर चुके हैं शॉकपिट निर्माण की शिकायत

देहरादून, नगर निगम के कौलागढ़ वार्ड में स्थित प्रेमपुरमाफी में छह माह से शॉकपिट खुला छोड़ देने के कारण लोगों को गुस्सा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। स्थिति ये है कि थर्सडे को स्थानीय लोगों ने लगातार मांग के बावजूद समाधान न निकल पाने से शॉकपिट में ही घुसकर निगम के खिलाफ विरोध जताया। आरोप लगाया कि इसकी शिकायत उन्होंने सीएम से लेकर मेयर और नगर निगम के तमाम अधिकारियों से कर दी है। लेकिन, इसके बावजूद उनकी लगातार अनसुनी की जा रही है। जिस कारण अब बरसात में शॉकपिट जानलेवा साबित हो रहा है।

मेयर ने दिया जल्द निर्माण का भरोसा

कौलागढ़ के प्रेमपुरमाफी में नगर निगम से निर्मित शॉकपिट पिछले छह माह से खुले में छोड़ दिया गया है। आरोप हैं कि करीब 13 फीट गहरे शॉकपिट बरसात में जलभराव के कारण जानलेवा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें मेयर, नगर आयुक्त, वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी से लेकर सीएम पोर्टल तक शिकायत दर्ज कराई। लेकिन छह माह से उनकी इस शिकायत को नजरअंदाज किया जा रहा है। इसको देखते हुए थर्सडे को इलाके के स्थानीय लोग शॉकपिट में घुसे। जहां उन्होंने हाथ में तख्तियां लेकर अपना विरोध जताया। आरोप लगाए कि स्थानीय पार्षद अप्रैल महीने से उनके क्षेत्र में नहीं आई है। क्षेत्रवासियों ने कहा है कि इसके बावजूद उनकी मांगों पर गौर न किया गया तो वे उसी स्थान पर नगर निगम प्रशासन का बुद्धि-शुद्धि यज्ञ के साथ पुतला दहन करेंगे। इससे पहले भी शॉकपिट बंद करने की मांग को लेकर स्थानीय लोग निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। इस बारे में मेयर सुनील उनियाल गामा का कहना है कि जल्द ही शॉकपिट ठीक कर दिया जाएगा। इस दौरान आरएस चौहान, बलबीर सिंह चौहार, पुष्कर चौहान, दर्शन चौहान, लक्की राणा, विजय भटराई, धीरज राणा, पान सिंह बिष्ट, अमर सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive