टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर भूस्खलन से मार्ग बंद मलबे में दो पोकलैंड मशीन दब गई।

CHAMPAWAT: टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर जबरदस्त भूस्खलन से मार्ग के दोनों ओर करीब दो सौ वाहन फंस गए हैं। मलबे में दो पोकलैंड मशीन दब गई। हालांकि किसी को चोट नहीं आई। फिलहाल मलबा हटने की उम्मीद नहीं है, इसीलिए प्रशासन मार्ग में फंसे लोगों के लिए रहने खाने के इंतजाम में जुट गया है।

 

 

चौड़ीकरण का चल रहा कार्य

इन दिनों ऑल वेदर रोड के तहत टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। चम्पावत जिले में चल्थी चौकी के निकट संडे दोपहर एकाएक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। गनीमत रही कि इस दौरान वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। भारी मलबा करीब सौ मीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। मलबा इतना अधिक है कि मार्ग तुरंत खोला जाना संभव नहीं है। मार्ग बंद होने से टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर दोनों और कई वाहन फंस गए हैं। चम्पावत के पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि मौके पर आपदा प्रबंधन की टीमों को भेजा गया है और मलबा हटाने की व्यवस्था की जा रही है। रात का वक्त है, इसीलिए मार्ग खोलने के लिए सुबह का इंतजार करना पड़ेगा।

Posted By: Inextlive