- गुरुवार को 111 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

UTTARKASHI: वैकल्पिक पैदल मार्ग तैयार होने के बाद यमुनोत्री धाम यात्रा फिर से शुरू कर दी गई है। गुरुवार को 111 यात्री यमुनोत्री धाम में दर्शन किए। उत्तरकाशी के डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि बुधवार को मार्ग पर मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया था।

एक सप्ताह से रुकी भी यात्रा

धाम के अंतिम पड़ाव जानकीचट्टी से डेढ़ किलोमीटर दूर ऋषिगंगा नदी के किनारे भूस्खलन जोन सक्रिय है। पिछले माह 12 सितंबर को जबरदस्त भूस्खलन से मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था। तब प्रशासन ने एक सप्ताह के लिए यात्रा पर रोक लगाई थी। इस दौरान वैकल्पिक मार्ग तैयार कर यात्रा बहाल की गई। इसके बाद चार अक्टूबर को एक बार फिर पहाड़ से मलबा गिरना शुरू हो गया। इससे वैल्पिक मार्ग को भी नुकसान पहुंचा। छह अक्टूबर को प्रशासन ने एक बार फिर यात्रा पर रोक लगा दी थी।

जिलाधिकारी के अनुसार बुधवार को मार्ग तैयार होने के बाद लोक निर्माण विभाग, राजस्व, पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने मार्ग का निरीक्षण किया। बड़कोट के उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान की रिपोर्ट मिलने के बाद गुरुवार से यात्रा संचालन के आदेश जारी कर दिए गए।

Posted By: Inextlive