- दिन में सब्जी मंडी से सड़क पर जाम तो रात में असामाजिक तत्वों से लोग परेशान

- झड़ रहा है अगमकुआं फ्लाईओवर के नीचे का प्लास्टर, हो सकता है बड़ा हादसा

PATNA :

एक तरफ सब्जी का बाजार तो दूसरी तरफ ठेले और खोमचे वालों का जमावड़ा तो वहीं रात होते ही नशेडि़यों और गुंडों का उत्पात। यह नजारा होता है अगमकुआं फ्लाईओवर का। फ्लाईओवर के नीचे हर रोज बाजार सजती है। शाम का नजारा ऐसा होता है कि पूरी सड़क अतिक्रमित हो जाती है। आने जाने वाले वाहनों के लिए छोटा सा रास्ता ही बसता है उसमें भी कई वाहन एक साथ घुसने पर जाम की भी ऐसी भयंकर स्थिति होती है कि इसे सुधारने में प्रशासन को भी घंटों मशक्कत करनी पड़ती है। वर्षो से प्रशासन इसे देख रहा है लेकिन आज तक इसपर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।

अतिक्रमण हटाने के दौरान होता है विरोध

शहर में जब भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलता है तो यहां प्रशासन को भारी विरोध का सामना करना पड़ता है। इसके बाद भी नगर निगम और जिला प्रशासन आज तक सख्त कदम नहीं उठा पाया है। दुकानदार कहते हैं कि यहां दुकान लगाने के लिए खुद प्रशासन के लोग ही परमिशन देते हैं और इसके एवज में हफ्ता वसूलते हैं। जब हम हफ्ता देते रहते हैं तो क्यों हटें। या तो हमारे लिए जगह बनाई जाए या हमें यहां दुकान लगाने दिया जाए।

रात में नशे के सौदागरों का जमावड़ा

अगमकुआं फ्लाईओवर के नीचे का यह हाल है कि दिन में दुकान वालों से भरा रहता है तो शाम ढलते ही यह नशे के सौदागरों का अड्डा बन जाता है। ये खुद तो नशे में रहते ही हैं नशे की तलाश में घूम रहे युवाओं को भी नशा बेचते हैं। पुलिस ने कई बार यहां ऐसे असामाजिक तत्वों को पकड़ा भी है। यहां चल रहा यह कारोबार स्थानीय लोगों के लिए सिरदर्द बन चुका है। कई बार लोग इसकी शिकायत भी कर चुकें हैं लेकिन अभी तक इस पर ऐसी कार्रवाई नहीं हो पाई है जिससे इन असामाजिक तत्वों में कानून का डर बैठ सके।

हादसे का खतरा, हो रही अनदेखी

कदमकुआं फ्लाईओवर के नीचे प्लास्टर झड़ने लगे हैं फ्लाईओवर पर रोज सैकड़ों गाडि़यों का आवागमन होते रहता है। कई बार जाम का भी माहौल घंटों तक रहता है। ऐसे में अगर कभी हादसा हो गया तो फ्लाईओवर के नीचे अतिक्रमण के कारण कई लोगों की जान जा सकती है।

मैं देखती हूं कि ऐसी स्थिति क्यों है। टीम को भेज कर अतिक्रमण को हटाया जाएगा। जब अभियान चलता है तो उनपर कार्रवाई की जाती है। उनको हटाने के लिए पुलिस की भी मदद ली जाएगी।

कंचन कुमार, पार्षद, वार्ड 55

Posted By: Inextlive