RANCHI: विधानसभा चुनाव से पूर्व भाजपा ने विपक्ष पर सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए उनके कद्दावर विधायकों को अपने खेमे में मिला लिया है। ठीक विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत और वरिष्ठ विधायक मनोज यादव ने भाजपा का दामन थामा। वहीं, झामुमो के तेजतर्रार विधायक कुणाल षाडं़गी और झामुमो से निष्कासित जेपी पटेल भी भाजपा से जुड़े। नौजवान संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष भवनाथपुर विधायक भानु प्रताप शाही ने अपनी पार्टी का विलय भाजपा में कर लिया। कांगे्रस के राष्ट्रीय सचिव रह चुके पूर्व आइपीएस अधिकारी अरुण उरांव, पूर्व डीजीपी डीके पांडेय, रिटायर्ड आइएएस सुचित्रा सिन्हा और एआइसीसी सदस्य बजरंगी यादव भी भाजपा में शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा के सह चुनाव प्रभारी नंद किशोर यादव ने सभी विधायकों, नेताओं और सेवानिवृत्त अफसरों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। मिलन समारोह के दूसरे चरण में ललित ओझा ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। चुनाव से पूर्व हुए इस वृहद मिलन समारोह में भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं के समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी।

अब विकास व राष्ट्रवाद की राजनीति: सीएम

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भाजपा में शामिल होने वाले सभी विधायकों और सेवानिवृत्त अधिकारियों का पार्टी में स्वागत किया। कहा, देश में अब विकास और राष्ट्रवाद की राजनीति चलेगी। इसी से प्रेरित होकर, समाज और राज्य के लिए कुछ करने की मंशा ने सभी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। यह राज्य के लिए सुखद दिन है। उन्होंने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव परिणाम का जिक्र करते हुए कहा कि जनता ने जातिवाद व संप्रदायवाद की राजनीति को नकारते हुए विकास के प्रति जनादेश दिया है। इस देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश अब सुरक्षित हाथों में है।

किसने क्या कहा

विकास व राष्ट्रवाद के मुद्दे पर हुए शामिल : सुखदेव

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत ने कहा कि भाजपा की राष्ट्रवादी व विकास की सोच से प्रभावित होकर वे भाजपा से जुड़ रहे हैं। कहा, मैं पूरी निष्ठा के साथ भाजपा में शामिल हो रहा हूं। कांग्रेस पर कहा कि वो मेरा अतीत रहा है, वहां का अनुभव सुखद रहा है। कांग्रेस पर किसी भी तरह की टिप्पणी करने को मेरे राजनीतिक संस्कार इजाजत नहीं देते। मैं पूरी निष्ठा से भाजपा से जुड़ रहा हूं।

मोदी व रघुवर से प्रभावित: मनोज

कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक रह चुके मनोज यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रघुवर दास से प्रभावित होकर मैं भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहा हूं। भाजपा की राष्ट्रवाद और विकास की सोच ने मुझे प्रभावित किया है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि भाजपा की नीति व सिद्धांतों के अनुरूप पार्टी की सेवा करूंगा।

65 नहीं 75 पार होगी भाजपा : भानु प्रताप

अपनी पार्टी नौजवान संघर्ष मोर्चा का भाजपा में विलय करने वाले भवनाथपुर विधायक भानु प्रताप शाही ने कि भवनाथपुर विधानसभा में आज तक भाजपा चुनाव नहीं जीती। इस बार पार्टी वहां रिकार्ड वोटों से जीत दर्ज करेगी। भाजपा ने इस बार 65 प्लस का नारा दिया है लेकिन मुझे विश्वास है कि पार्टी 75 प्लस सीटों पर जीत दर्ज करेगी। यह भी कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में पूरी तरह से सुरक्षित है। मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में राज्य नई बुलंदी को छू रहा है।

मेरी राजनीतिक घर वापसी : कुणाल

बहरागोड़ा के विधायक कुणाल षाडं़गी ने कहा कि आज राजनीतिक रूप से मेरी घर वापसी है। भाजपा में मेरे पिता रहे हैं, मेरे परिवार को भाजपा ने ही राजनीतिक पहचान दी है। कुणाल ने झामुमो का भी आभार जताया। कहा, झामुमो ने मुझे मौका दिया। मैंने हमेशा एक सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाई है। कहा, आज जनभावना का सम्मान करने की आवश्यकता है। देश की जनता ने सभी दलों को संदेश दे दिया है। जिस तरह राज्य की जनता ने राज्य सरकार को सार्टिफिकेट दिया है। उससे यह स्पष्ट है कि इस बार सारे विपक्षी दल मैदान के बाहर होंगे। कहा, हर जनप्रतिनिधि की प्रतिबद्धता क्षेत्र की जनता के प्रति होती है। मेरे विधानसभा क्षेत्र की जनता की सेवा ही मेरा लक्ष्य है।

बहरागोड़ा से बरही तक भाजपा का झंडा: जेपी पटेल

झामुमो के निष्कासित विधायक जेपी पटेल ने झारखंड की सीमाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में बरही से बहरागोड़ा तक पूरे राज्य में भाजपा का झंडा लहराएगा। कहा, जेपी अब बीजेपी का हो गया है, पूरे राज्य में कमल खिलेगा। इस देश व राज्य को सिर्फ भाजपा ही चला सकती है।

Posted By: Inextlive